ETV Bharat / state

रुद्रपुर: बिना मान्यता संचालित ब्लू डायमंड एकेडमी पर सख्ती, शिक्षा विभाग ने बंद करने का आदेश दिया

पिछले साल भी हुई थी ब्लू डायमंड एकेडमी की शिकायत, संचालन बंद करने के निर्देश को नहीं माना था

PRIVATE EDUCATIONAL ACADEMY
बिना मान्यता संचालित स्कूल बंद करने का आदेश (Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 19, 2026 at 12:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद स्थित रुद्रपुर में बिना मान्यता संचालित एक निजी एकेडमी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल को तत्काल बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं.

बिना मान्यता संचालित ब्लू डायमंड एकेडमी पर सख्ती: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में मलिक कॉलोनी स्थित ब्लू डायमंड एकेडमी के खिलाफ 26 दिसंबर 2025 को शिकायतकर्ता अनिल कुमार कम्बोज ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि यह एकेडमी बिना मान्यता के संचालित हो रही है. पूर्व में उप शिक्षा अधिकारी की जांच में भी यह तथ्य सामने आया था. बताया गया कि जांच के दौरान उप शिक्षा अधिकारी ने एकेडमी को शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का उल्लंघन बताते हुए तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए थे. साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया, तो एक लाख रुपये का अर्थदंड और कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी.

PRIVATE EDUCATIONAL ACADEMY
बिना मान्यता संचालित ब्लू डायमंड एकेडमी पर सख्ती (ETV Bharat)

शिक्षा विभाग ने बंद करने के आदेश जारी किए: इसके बावजूद विद्यालय का संचालन जारी रहा, जो विभागीय आदेशों की अवहेलना और आरटीई एक्ट की धारा 18 के तहत दंडनीय अपराध माना जा रहा है. शिकायत में विद्यालय को तत्काल सीलबंद करने, नियमानुसार एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाने, आदेशों की अनदेखी में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने तथा विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की गई थी. शिकायत के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने 6 फरवरी को उप शिक्षा अधिकारी मो. सावेद आलम को मामले की जांच के निर्देश दिए. जांच में विद्यालय संचालित पाया गया, जिसके बाद 16 फरवरी को रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजी गई.

PRIVATE EDUCATIONAL ACADEMY
बिना मान्यता संचालित ब्लू डायमंड एकेडमी पर सख्ती (ETV Bharat)

छात्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था होगी: मुख्य शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत ने बताया कि-

जानकारी मिलते ही ब्लू डायमंड एकेडमी स्कूल को तत्काल बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं. यदि प्रबंधन आदेश का पालन नहीं करता है, तो पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी. विद्यालय में पढ़ रहे विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग वैकल्पिक व्यवस्था करेगा और उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा.
-कुंवर सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर-

नए बैच की शुरुआत से पहले विशेष चेकिंग अभियान चलेगा: जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने साथ ही कहा कि अप्रैल माह से नए बैच की शुरुआत से पहले विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई भी संस्थान बिना मान्यता संचालित न हो सके.
ये भी पढ़ें: बिना मान्यता के चल रहा था निजी स्कूल, DM ने लगाया 5 लाख से ज्यादा का जुर्माना