ETV Bharat / state

BJP विधायक राणा रणधीर सिंह का फोन ‘हैक’, 28 हजार की मांगी ‘इमरजेंसी मदद’

मधुबन भाजपा विधायक राणा रणधीर सिंह का मोबाइल हैक, संपर्कों से 28 हजार मांगने का मैसेज. विधायक बोले- झांसे में न आएं. पढ़ें खबर-

BJP MLA Rana Randhir Singh
भाजपा विधायक राणा रणधीर सिंह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 17, 2026 at 1:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राणा रणधीर सिंह का मोबाइल नंबर हैक कर लिया गया है. हैकर्स ने उनके व्हाट्सएप से संपर्क सूची में मौजूद लोगों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपये की मांग की. इस घटना से जिले में हड़कंप मच गया है.

जालसाजों ने भेजा मैसेज: साइबर अपराधियों ने विधायक के फोन पर सेंध लगाकर व्हाट्सएप के जरिए उनके परिचितों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं को मैसेज भेजना शुरू कर दिया. मैसेज में लिखा था, “मुझे एक छोटी सी मदद चाहिए—यह बहुत जरूरी है. क्या आप 28,000 रुपये का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं?” जालसाजों ने बैंक खाते की डिटेल, मोबाइल नंबर और नाम भी शेयर किए ताकि लोगों को विधायक की असली जरूरत लगे.

विधायक ने तुरंत दी पुलिस को सूचना: सुरक्षा उल्लंघन का पता चलते ही राणा रणधीर सिंह ने तुरंत मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक, पाकरीदयाल डीएसपी और मधुबन थाना प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुट गई है.

हैकिंग का तरीका तलाश रही पुलिस: पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपराधियों ने विधायक का मोबाइल किस तरीके से हैक किया. जांच में सिम स्वैप, क्लोनिंग या सोशल इंजीनियरिंग जैसे तरीकों पर भी ध्यान दिया जा रहा है. साइबर सेल आईपी एड्रेस और बैंक डिटेल्स के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

विधायक का सोशल मीडिया पर अलर्ट: राणा रणधीर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को अलर्ट किया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके नंबर से पैसे मांगने वाला कोई भी मैसेज आए तो उस पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन न करें. उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे फर्जी मैसेज के झांसे में न आएं.

"साइबर अपराधी आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बना रहे हैं. सरकार को साइबर सुरक्षा पर और काम करने की जरूरत है. फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है. उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."-राणा रणधीर सिंह, बीजेपी विधायक

करीबी लोगों से ठगी की कोशिश: पुलिस अधिकारियों को शक है कि साइबर अपराधियों ने जानबूझकर विधायक के करीबी लोगों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया. ताकि लोग जल्दी भरोसा करें और पैसे ट्रांसफर कर दें. जनप्रतिनिधियों के नाम पर ठगी का यह नया तरीका सामने आया है.

साइबर एक्सपर्ट्स की चेतावनी: साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, हैकर्स अब क्लोनिंग, सिम स्वैप और सोशल इंजीनियरिंग का सहारा लेकर मोबाइल हैक कर रहे हैं. इसके बाद संपर्क सूची के लोगों से इमरजेंसी के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं. यह घटना आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की साइबर सुरक्षा पर सवाल खड़ी करती है.

पुलिस की अपील और विधायक का बयान: मोतिहारी पुलिस ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है. अगर किसी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले उस व्यक्ति को कॉल करके कन्फर्म जरूर करें. विधायक राणा रणधीर सिंह ने कहा कि साइबर अपराधी अब जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बना रहे हैं. सरकार को साइबर सुरक्षा पर और अधिक ध्यान देने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें-

अररिया में 19 लाख के साइबर फ्रॉड का खुलासा, पुलिस ने तीन को दबोचा

बिहार में साइबर फ्रॉड का पाकिस्तान कनेक्शन, मिलता था 10 प्रतिशत कमीशन.. 4 गिरफ्तार

बिहार में 2 करोड़ का साइबर फ्रॉड, CA और बैंक मैनेजर गिरफ्तार