वॉइस ट्रैप का खतरनाक खेल! BJP विधायक राणा रणधीर सिंह ने बताई मोबाइल हैक की पूरी कहानी
भाजपा विधायक राणा रणधीर सिंह का फोन साइबर ठगों ने कैसे किया था हैक, इसका खुलासा हो गया है. पढ़ें पूरी खबर-

Published : May 19, 2026 at 4:48 PM IST
शिवहर: बिहार में साइबर अपराधियों ने इस हफ्ते एक जनप्रतिनिधि को ही निशाना बना डाला. पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राणा रणधीर सिंह के मोबाइल नंबर को शातिरों ने हैक कर लिया और उनके कॉन्टैक्ट्स को इमोशनल मैसेज भेजकर पैसों की ठगी की कोशिश की. यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि निशाने पर कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि था.
कैसे हुई वारदात?: 16 मई की बात है विधायक के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया, जो उनके सहयोगी प्रिंस तिवारी ने उठाया. कॉलर ने बड़े सामान्य अंदाज में कहा "आपके नाम पर एक कूरियर आया है, कूरियर का नंबर नोट कर लीजिए." लहजा इतना सहज और भरोसेमंद था कि शक करने की कोई गुंजाइश नहीं बची.
नंबर दोहराया और फोन हैक: तिवारी जी ने नंबर नोट किया '21\7544021752#'. फिर कॉलर ने कहा "जरा एक बार दोहरा दीजिए, ठीक से सुन लूं". बस यही एक पल था जब जाल पूरी तरह बिछ गया. जैसे ही यह नंबर दोहराया गया शातिरों ने वॉइस रिकॉर्डिंग के जरिए विधायक का मोबाइल हैक कर लिया. न कोई ओटीपी मांगा, न कोई संदिग्ध लिंक भेजा, न कोई लंबी-चौड़ी बातचीत बस एक नंबर दोहराया और पलक झपकते काम तमाम.
मैसेज पर मांगे ₹28,000: भाजपा विधायक राणा रणधीर सिंह ने कहा कि इसके बाद जो हुआ वो और भी चौंकाने वाला था. महज आधे घंटे के भीतर विधायक के नंबर से उनकी संपर्क सूची में दर्ज हजारों लोगों के पास मैसेज पहुंच गया. मैसेज में लिखा "एक छोटी सी मदद चाहिए, यह बहुत जरूरी है. क्या आप ₹28,000 का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं?"
"मैसेजके साथ बैंक खाता नंबर, मोबाइल नंबर और नाम भी था, ताकि कोई शक न करे. इतना इमोशनल मैसेज देख कई लोगों ने बिना सोचे पैसे भेज दिए. जब तक मैं और मेरे सहयोगी असलियत समझ पाते, तब तक शातिर अपना काम कर चुके थे."-राणा रणधीर सिंह, भाजपा विधायक

पूरे एक दिन रहा मोबाइल ठप: विधायक राणा रणधीर सिंह ने बताया कि वारदात की गंभीरता का अंदाज़ा तब हुआ जब पता चला कि शातिरों ने केवल मोबाइल ही नहीं, बल्कि उनका ईमेल तक हैक कर लिया था. डिजिटल दुनिया में उनकी पूरी पहचान कुछ घंटों के लिए अपराधियों के हाथ में थी.
पटना साइबर पुलिस ने रिकवर किया मोबाइल: विधायक ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. साइबर पुलिस ने मोर्चा संभाला और करीब 5 घंटे की अथक मशक्कत के बाद मोबाइल को रिकवर करने में सफलता मिली. लेकिन तब तक पूरा एक दिन बर्बाद हो चुका था. विधायक ने कहा कि उस दौरान लगातार फोन आते रहे, मैसेज आते रहे, पूरा दिन अफरा-तफरी में बीता.
विधायक ने दी लोगों को सलाह: विधायक राणा रणधीर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी अनजान लिंक भूलकर भी न खोलें. महिला की आवाज में फोन आए तो भी सावधान रहें, यह एक जानी-मानी चाल है. चुनाव कार्यालय, सहकारिता विभाग या किसी सरकारी विभाग के नाम पर फोन आए तो तुरंत सतर्क हो जाएं. किसी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले उस व्यक्ति को सीधे फोन करके पुष्टि करें. एक कॉल आपकी मेहनत की कमाई उड़ा सकती है. फोन पर कोई भी नंबर या कोड दोहराने से बचें, यही शातिरों का सबसे बड़ा हथियार है.
ये भी पढ़ें-
BJP विधायक राणा रणधीर सिंह का फोन ‘हैक’, 28 हजार की मांगी ‘इमरजेंसी मदद’
अररिया में 19 लाख के साइबर फ्रॉड का खुलासा, पुलिस ने तीन को दबोचा
बिहार में साइबर फ्रॉड का पाकिस्तान कनेक्शन, मिलता था 10 प्रतिशत कमीशन.. 4 गिरफ्तार

