गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली क्लोन स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी
यात्रीगण कृपया ध्यान दें! गर्मी की छुट्टियों में बिहार से आने-जाने वाले लोगों के लिए रेलवे ने बड़ी पहल की है. पढ़ें खबर


Published : May 29, 2026 at 8:09 PM IST
बेगूसराय : ग्रीष्मकालीन अवकाश यानी गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. पूर्व मध्य रेल ने बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली के बीच चल रही क्लोन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है.
यात्रियों को मिलेगी सुविधा : इस फैसले से बिहार से दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों को अतिरिक्त सीटों और बेहतर यात्रा सुविधा का लाभ मिलेगा. यह सूचना पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी की गई है. पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र द्वारा इस बाबत प्रेस विज्ञप्ति जारी किया गया है.
15 जुलाई तक चलेगी क्लोन स्पेशल ट्रेन : सरस्वती चन्द्र द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 02563 बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल अब 1 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 02564 नई दिल्ली-बरौनी क्लोन स्पेशल 2 जून 2026 से 16 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन संचालित की जाएगी.
दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल का भी विस्तार : रेलवे ने दरभंगा और नई दिल्ली के बीच चल रही क्लोन स्पेशल ट्रेनों की अवधि में भी विस्तार किया है. गाड़ी संख्या 02569 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 1 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. वहीं गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल 2 जून 2026 से 16 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी.
यात्रियों को मिलेगी राहत : दरअसल, गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग बिहार से दिल्ली और दिल्ली से बिहार की यात्रा करते हैं. ऐसे में ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है. रेलवे का मानना है कि इन क्लोन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें :-
बिहार से रक्सौल तिरुपति एक्सप्रेस 4 जून से होगी शुरू, 24 कोच वाली ट्रेन का जानें टाइम टेबल

