हिमाचल में भूकंप के डबल झटके, घरों से बाहर भागे लोग
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और किन्नौर जिले भूकंप के लिहाज से संवेदनशील जोन नंबर-5 में आते हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 18, 2026 at 8:38 PM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश में मंगलवार शाम भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. दोनों झटके चंबा और कांगड़ा समेत आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए. पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 और दूसरे की तीव्रता 4.0 मापी गई. भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए. हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है. जानकारी के अनुसार, पहला भूकंप शाम 6:54 बजे महसूस किया गया, जबकि दूसरा झटका करीब 7:40 बजे आया. यानी करीब 46 मिनट के अंतराल में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 3.6 और दूसरे की तीव्रता 4.0 रही.

चंबा रहा भूकंप का केंद्र
भूकंप का केंद्र चंबा क्षेत्र बताया गया है. इसके झटके चंबा और कांगड़ा के अलावा बिलासपुर और कुल्लू में भी महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है. भूकंप की गहराई जमीन के भीतर करीब 5 किलोमीटर बताई गई है. झटके महसूस होने के बाद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल रहा. भूकंप के दोनों झटकों के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है. तेज झटके महसूस होने के कारण कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए.

हिमाचल के कई जिले भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और किन्नौर जिले भूकंप के लिहाज से संवेदनशील जोन नंबर-5 में आते हैं. यह जोन भूकंप के लिहाज से सबसे ज्यादा संवेदनशील माना जाता है. हिमाचल में भूकंप का जिक्र होने पर वर्ष 1905 में आए कांगड़ा भूकंप की भी चर्चा होती है. कांगड़ा जिले में 4 अप्रैल 1905 को 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था. इस भूकंप में भारी तबाही हुई थी और 20 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. इसी वजह से हिमाचल में भूकंप के झटके महसूस होने पर लोगों में पुराने विनाशकारी भूकंप की यादें भी ताजा हो जाती हैं.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में चिट्टे के साथ भाजपा नेता गिरफ्तार! 1.04 लाख कैश भी बरामद
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश के पेंशनर्स को सरकार से बड़ी राहत, एरियर की किस्त से जुड़े आदेश जारी

