ETV Bharat / state

बंद हो जाएगी सामाजिक सुरक्षा पेंशन! नहीं तो 28 फरवरी तक जरूर करवा लें e-KYC

28 फरवरी तक ई-केवाईसी नहीं करवाने वाले पेंशनर के खाते में अगले महीने खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं आएगी.

सामाजिक सुरक्षा पेंशन
सामाजिक सुरक्षा पेंशन (Concept Image)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 18, 2026 at 4:01 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में लाखों लाभार्थी सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रहे हैं. ऐसे में पेंशन का लाभ पात्र लाभार्थी को मिल सके, इसके लिए अब सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा पेंशनरों की ई-केवाईसी करवाई जा रही है, लेकिन अभी भी हजारों पेंशनर ऐसे हैं. जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं करवाई है. ऐसे में सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा सभी पेंशनरों से आग्रह किया गया है कि वह 28 फरवरी से पहले अपनी ई केवाईसी करवा ले. वरना अगले महीने से उनके खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं आ पाएगी.

28 फरवरी तक ई केवाईसी करवाए पेंशनर

पात्र पेंशन धारक ई-केवाईसी के लिए वह अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या फिर लोकमित्र केंद्र में भी इसके बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं. सरकार द्वारा ई केवाईसी की अंतिम तिथि अब 28 फरवरी जारी की गई है. अगर उसके बाद भी कोई ई-केवाईसी नहीं करवाता है तो हमेशा के लिए भी उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बंद किया जा सकता है.

गौर रहे कि प्रदेश सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करने लिए एक मोबाइल एप तैयार किया है. जिससे सभी पात्र पेंशनरों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुचारू रूप से उनके बैंक/डाकघर के बचत खातों में वितरित की जा सके. ई-केवाईसी का कार्य विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जुलाई 2025 में शुरू किया गया था.

वही, ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 रखी गई थी. इसके बाद तिथि को 15 फरवरी तक बढ़ाया गया था. ऐसे में 15 फरवरी की समय अवधि पूरा होने के बाद भी जिला कुल्लू में 5 हजार 542 पेंशन धारकों ने अपनी ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है. हालांकि, ई-केवाईसी आधार कार्ड आधारित होनी है. कई पेंशन धारकों को आधार कार्ड में गड़बड़ी होने के कारण ई-केवाईसी करवाने में परेशानी भी आ रही है. ऐसे में अगर किसी के आधार कार्ड में गलती है तो वो अपने आधार कार्ड को भी ठीक करवा ले.

गौर रहे कि ई-केवाईसी एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति की पहचान की पुष्टि और पर्सनल जानकारी की प्राप्ति डिजिटल रूप में की जाती है. यह भारत सरकार द्वारा आधार कार्ड प्रमाणीकरण के लिए व नागरिकों को अधिकारिक कार्यों और सेवाओं के लिए पात्र बनाती है. इसका उपयोग विभिन्न सेक्टर जैसे कि वित्तीय सेवाएँ, मोबाइल सिम कार्ड की प्राप्ति और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाओं के लिए किया जाता है.

ई-केवाईसी की प्रक्रिया सुरक्षित और सुगम होती है. यह लोगों को दस्तावेज की चिंता किए बिना उनकी पहचान प्रमाणित करने में मदद करती है. भारत में ई-केवाईसी ऑनलाइन प्रक्रिया काफी सरल और तेज होती है. इस प्रक्रिया द्वारा आप अपनी पहचान की पुष्टि विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं के लिए कर सकते हैं. यह प्रक्रिया आधार कार्ड का उपयोग करती है, जिसमें व्यक्ति के पहचान की पुष्टि के लिए आपके आधार नंबर का उपयोग किया जाता है. व्यक्ति को ई केवाईसी आवेदन फॉर्म भरना होता है और उसमें अपनी पहचान की पुष्टि के लिए आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड करने होते है. इसके बाद आपकी पहचान के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया आरंभ होती है और आपको आधिकारिक दस्तावेज की प्राप्ति के लिए पात्र बनाती है.

आखिर क्यों जरूरी होती है ई-केवाईसी

भारत में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए ई-केवाईसी इसलिए अनिवार्य है. ताकि फर्जी लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें हटाया जा सके और सही पात्र व्यक्ति को ही बिना किसी बाधा के समय पर बैंक खाते में पेंशन मिले. यह प्रक्रिया सरकारी रिकॉर्ड को अपडेट करने, पारदर्शिता बढ़ाने और डिजिटल बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से पेंशन हस्तांतरण को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी है.

इ-केवाईसी यह सुनिश्चित करने के लिए कि जाती है ताकि पता चल सके कि पेंशन सही और जीवित लाभार्थी को ही मिल रही है. ई-केवाईसी के माध्यम से ऐसे अपात्र लोगों की पहचान की जाती है, जो गलत तरीके से लाभ ले रहे हैं या जो अब इस दुनिया में नहीं हैं.

वरना अगले महीने नहीं आएगी खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन

सामाजिक कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार निर्धारित समय पर ई-केवाईसी नहीं करवाने पर पेंशन अस्थायी या स्थायी रूप से बंद की जा सकती है. लाभार्थी की ई-केवाईसी होने के बाद पेंशन को डिजिटल बनाकर बैंक या डाकघर खातों में सीधे हस्तांतरित (DBT) करने में मदद मिलती है. ई-केवाईसी के दौरान लाभार्थी के आधार कार्ड और बैंक पासबुक के साथ व्यक्तिगत जानकारी को अपडेट करना जरूरी है.

जिला कुल्लू कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने बताया, 'सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी जिन्होंने अपनी ई-केवाईसी सत्यापन अभी तक नहीं करवाया है. वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर 28 फरवरी 2026 से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना (ई-केवाईसी) सत्यापन करवाना सुनिश्चित करें. इस अंतिम अवसर के बाद पेंशन लाभार्थी द्वारा अपनी ई-केवाईसी सत्यापित नहीं करने की स्थिति में यह समझा जाएगा कि पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने हेतु पात्र नहीं है. उन पेंशनरों की पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जायेगी'.

इसके अतिरिक्त यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारण से नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है तो वह आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है.

उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी सत्यापन के लिए आवश्यक जानकारी एवं समस्या निवारण के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक तथा सम्बन्धित आंगनवाडी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: विधायक निधि पर घमासान! विधानसभा में गूंजा 1.10 करोड़ का सवाल, CM सुक्खू ने दिया बड़ा बयान