द्वाराहाट में प्रोटोकॉल उल्लंघन पर भड़के विधायक मदन बिष्ट, बोले- झूठ बोलकर राज चला रही है बीजेपी
द्वाराहाट में बहुउद्देशीय शिविर में मंच पर हुई थी बहस और कहासुनी, अल्मोड़ा में विधायक मदन सिंह बिष्ट ने बताया क्यों आई थी यह नौबत

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 26, 2026 at 4:10 PM IST
अल्मोड़ा: द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट ने बहुउद्देशीय शिविर के दौरान हुए विवाद को लेकर बीजेपी और सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रम में प्रोटोकॉल की अनदेखी की गई, जिसके चलते वहां कहासुनी की स्थिति पैदा हुई.
बहुउद्देशीय शिविर में क्यों हुआ था विवाद? अल्मोड़ा में कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर में वो खुद और ब्लॉक प्रमुख मौजूद थे, लेकिन कार्यक्रम का संचालन बीजेपी के जिलाध्यक्ष कर रहे थे, जो पूरी तरह प्रोटोकॉल के खिलाफ था. उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष ने मंच से ये तक कह दिया कि यह कार्यक्रम हमारा है. इसी बात का हमने विरोध किया था.
मंच पर हुई बहस और कहासुनी: उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रम का संचालन किसी सरकारी अधिकारी या अधिकृत व्यक्ति की ओर से किया जाना चाहिए. वहीं, जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र में नल तो लगा दिए, लेकिन उनमें पानी नहीं है. इन मुद्दों को लेकर मंच पर बहस और कहासुनी हो गई.
विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप: विधायक मदन बिष्ट ने राज्य सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों के लिए 10 प्रमुख विकास कार्यों की सूची मांगी थी. उस समय आश्वासन दिया गया था कि इन कार्यों को पांच सालों के भीतर पूरा किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल लगभग साढ़े चार साल पूरा होने वाला है, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र में सूचीबद्ध एक भी प्रमुख कार्य पूरा नहीं किया गया. विधायक बिष्ट ने कहा बीजेपी केवल झूठे वादे कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है. ये लोग झूठ बोलकर राज चला रहे हैं. विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया. केवल भगवान राम के नाम पर लोगों को बरगलाने की राजनीति की जा रही है.
इसके अलावा विधायक बिष्ट ने बताया कि उनकी पहली मांग द्वाराहाट अस्पताल के उच्चीकरण की थी, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया. इसके लिए क्षेत्र की जनता को दो महीने तक सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ा, फिर भी कोई ठोस परिणाम नहीं निकला. उन्होंने कहा कि कुछ कार्य उन्होंने अपने स्तर पर अधिकारियों और सचिवों से संपर्क कराकर करवाए.

विधायक मदन बिष्ट ने किया ये दावा: विधायक मदन बिष्ट ने दावा किया कि साल 2014 से 2017 के बीच उनके कार्यकाल में क्षेत्र में पर्याप्त विकास कार्य हुए थे. बीजेपी के लोग गिन लें, अब विकास की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुधारना सरकार की जिम्मेदारी है.
पीएम मोदी से जुड़े कथित टिप्पणी पर क्या बोले मदन बिष्ट: वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मंच से की गई कथित टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर मदन सिंह बिष्ट ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और बात को टालते हुए कहा कि वो प्रधानमंत्री का नाम तक नहीं जानते. इससे जुड़े सवालों पर उन्होंने आगे कोई टिप्पणी नहीं की.
ये भी पढ़ें-

