नेपाल में 5 मार्च को चुनाव, आज से 72 घटे सील रहेगा सोनौली बार्डर, किसे छूट मिलेगी जानिए
महाराजगंज में भारत नेपाल के अफसरों ने की सुरक्षा बैठक, कई अहम फैसले लिए गए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 8:56 AM IST
महाराजगंज: नेपाल में 5 मार्च को चुनाव हैं. इसके मद्देनजर सोनौली बार्डर दो मार्च से अगले 72 घंटे के लिए सील कर दिया गया है. इस दौरान कोई भी सामन्य आवागमन बार्डर से नहीं होगा. बस कुछ गतिविधियों को ही रियायत दी गई है. इसे लेकर भारत और नेपाल के अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर चर्चा की.
अफसरों ने की बैठक: महराजगंज जनपद के सोनौली बॉर्डर पर भारतीय और नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने बैठक की. इस दौरान अफसरों ने समन्वय मजबूत करने और सीमा को अस्थायी रूप से सील करने पर सहमति जताई.
सुरक्षा एजेंसिया अलर्ट: नेपाल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव के मद्देनजर महराजगंज जिले से सटी करीब 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं. सोनौली स्थित एसएसबी कैंप कार्यालय में भारतीय और नेपाली अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव को लेकर ठोस रणनीति तैयार की गई.
बैठक में ये फैसला हुआ: बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 मार्च से नेपाल सीमा 72 घंटे के लिए सील रहेगी. इस दौरान आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर किसी भी प्रकार के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. चुनाव संपन्न होने के बाद सीमा को पुनः सामान्य रूप से खोल दिया जाएगा. सीमा पर तैनात पुलिस और एसएसबी जवानों द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.
हर शख्स पर कड़ी नजर रखी जा रही: सीसीटीवी कैमरों, डॉग स्क्वायड और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. गश्त बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. बैठक के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मित्र राष्ट्र नेपाल में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमा सील करने पर आपसी सहमति बनी है. आवश्यक सेवाओं के आवागमन को जारी रखा जाएगा, जबकि अन्य गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
ये भी पढ़ेंः मेरठ में होली पर अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन निगम, 24 घंटे रहेगी उपलब्धता

