अजय चौटाला के बयान पर बोले दुष्यंत- "घोटालों के खिलाफ आवाज उठाना गलत नहीं", अध्यापक पात्रता परीक्षा में घोटाले का आरोप
दुष्यंत चौटाला ने अपने पिता अजय चौटाला के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी. इसके अलावा उन्होंने अध्यापक पात्रता परीक्षा में घोटाले का आरोप लगाया.

Published : January 3, 2026 at 8:26 PM IST
भिवानी: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने पिता के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी है. इसके अलावा उन्होंने मानेसर जमीन घोटाले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा. दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड पर आरोप लगाया कि अध्यापक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थियों के लाभ देकर पास कराया गया.
दुष्यंत चौटाला की पिता के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया: दुष्यंत चौटाला ने अपने पिता अजय चौटाला के विवादित बयान पर कहा कि "आज जेन-जी का समय है. हर बयान पब्लिक डोमेन में है. यदि इस प्रकार घोटाले होते रहे हैं, तो उनके खिलाफ आवाज उठाना किन्ही भी मायनों में गलत नहीं है. घोटाले की तरफ आवाज उठाने से रोकना चोरी नहीं सीनाजोरी है. ऐसे में जननायक जनता पार्टी सीना जोरी नहीं होने देगी."
भूपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना: भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा "मानेसर लैंड डील मामले में उनके समेत 37 लोगों पर धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार के जो आरोप तय किए गए है, ये कार्रवाई 11 साल पहले ही हो जानी चाहिए थी. मैं भारतीय कानून व्यवस्था का आभारी हूं कि उन्होंने अब इस कार्य को आगे बढ़ाया है. उम्मीद है कि कोर्ट जल्द ही इस प्रक्रिया को पूरा करेगी."
अध्यापक पात्रता परीक्षा में घोटाले का आरोप: दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा प्रदेश में अध्यापक पात्रता परीक्षा में 1250 अभ्यर्थियों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन द्वारा लाभ देकर पास किए जाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मामले का जवाब दें तथा जांच करें. ये बात उन्होंने भिवानी में जननायक जनता पार्टी के युवा योद्धा कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से कही.
दुष्यंत का बीजेपी पर निशाना: दुष्यंत ने कहा कि "सरकार एक तरफ तो बगैर पर्ची-खर्ची की बात करती है. वहीं दूसरी तरफ शिक्षा बोर्ड में ऐसे चेयरमैन की नियुक्ति कर रखी है, जो परीक्षा परिणाम में धांधली कर रहा है. भिवानी में एचटेट के घोषित परिणामों की आंसर शीट को डिस्ट्रॉय कर दिया गया. ये एक बड़ा घोटाला है. इसके तहत 1250 चिह्नित अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाया गया है. इस अनियमितता पर यदि वर्तमान भाजपा सरकार एक्शन नहीं लेती है, तो जननायक जनता पार्टी की लीगल सैल इसको लेकर कोर्ट में पीआईएल डालने को मजबूर होगी."
संगठन का किया जा रहा विस्तार: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि युवा योद्धा कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी के विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है. 26 जनवरी तक जिला, हल्का स्तर पर पार्टी के विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी तथा पार्टी के संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा.

