ETV Bharat / state

दुष्यंत का सैनी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- "40 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटी, विकास ठप"

दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा सरकार पर 40 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटने और विकास ठप करने का आरोप लगाया.

Dushyant Chautala Alleges Haryana Govt Cut Pensions
40 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटी, विकास ठप (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 11, 2026 at 10:32 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जींद: पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला जींद पहुंचे. इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, "मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछले दो हफ्तों से यह दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार ने सबसे ज्यादा पेंशन बढ़ाई है. दुष्यंत ने सवाल उठाया कि जब से सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, तब से क्या प्रदेश में एक रुपये भी बुढ़ापा पेंशन बढ़ाई गई है? उन्होंने कहा कि, "सरकार ने पेंशन बढ़ाने के बजाय 40 हजार बुजुर्गों का सम्मान भत्ता काटने का काम किया है और अब इसे “रिवीजन” का नाम दिया जा रहा है."

40 हजार बुजुर्गों की पेंशन पर कार्रवाई: दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों से प्रदेश के बुजुर्ग परेशान हैं और उन्हें सम्मान भत्ते के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि, "यदि सरकार ने तुरंत प्रभाव से बुजुर्गों की पेंशन बहाल नहीं की तो जेजेपी राज्यपाल से मुलाकात करेगी और जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी. पार्टी कार्यकर्ता बुजुर्गों के सम्मान की इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ेंगे."

दुष्यंत का सैनी सरकार पर बड़ा हमला (ETV Bharat)

गांव-गांव पहुंचकर साधा निशाना: पूर्व डिप्टी सीएम ने उचाना हलके के मंगलपुर, दरोली खेड़ा, उचाना खुर्द, उचाना कलां, बड़ौदा और खटकड़ सहित कई गांवों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि, "क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब है और सरकार विकास के दावे केवल मंचों तक सीमित रख रही है."

विकास रैली से पहले उठाए सवाल: उचाना में प्रस्तावित मुख्यमंत्री की विकास रैली पर टिप्पणी करते हुए दुष्यंत ने कहा कि, "हलके में इंफ्रास्ट्रक्चर की हालत खराब है. बरसात के समय किए जाने वाले सड़कों के पैचवर्क तक पूरे नहीं हुए हैं. नहरी और पब्लिक हेल्थ के कई प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हैं. जल जीवन मिशन के तहत पिछले तीन महीनों में एक भी नई पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है. ऐसे में विकास के दावे वास्तविकता से कोसों दूर हैं."

"वोट काटू" बयान पर पलटवार: कांग्रेस सांसद जयप्रकाश द्वारा जेजेपी को वोट काटू पार्टी कहे जाने पर दुष्यंत चौटाला ने पलटवार करते हुए कहा कि, "यह उनकी सोच हो सकती है, लेकिन जेजेपी अपनी ताकत और मेहनत के दम पर आगे बढ़ी है. विरोधियों को सपने में भी जेजेपी दिखाई देती है. पार्टी पहले भी मजबूती से आगे आई थी और भविष्य में भी जनता के समर्थन से और मजबूत होकर उभरेगी."

ये भी पढ़ें:"लाडो लक्ष्मी योजना चुनावी जुमला, पेंशन कटौती से बढ़ा जनाक्रोश", भूपेन्द्र हुड्डा का BJP पर तीखा वार