DU के NCWEB की पांचवीं कटऑफ जारी, बीकॉम में दाखिले आज से शुरू; 2 सितंबर है आखिरी तारीख
दिल्ली विश्वविद्यालय के NCWEB ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए प्रोग्राम और बीकॉम की पांचवीं कटऑफ सूची जारी कर दी है.

Published : September 1, 2026 at 10:37 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन-कॉलेजिएट वुमेन्स एजुकेशन बोर्ड (NCWEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए प्रोग्राम और बीकॉम की पांचवीं कटऑफ सूची जारी कर दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया 1 सितंबर सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 2 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक चलेगी. अलग-अलग शिक्षण केंद्रों पर श्रेणी के अनुसार अलग-अलग कटऑफ तय की गई है. पांचवीं कटऑफ में जहां कुछ केंद्रों पर सीटों के लिए कटऑफ 35 प्रतिशत तक पहुंच गई है, वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रमुख महिला कॉलेजों में शामिल हंसराज कॉलेज और मिरांडा हाउस में कुछ श्रेणियों की कटऑफ अब भी 79 प्रतिशत से अधिक है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने अलग-अलग शिक्षण केंद्रों के लिए बीकॉम की श्रेणीवार कटऑफ जारी की है. छात्राओं को आवेदन से पहले अपने संबंधित केंद्र और श्रेणी की कटऑफ देखनी होगी.
कई केंद्रों पर 35 प्रतिशत कटऑफ
पांचवीं सूची में कई शिक्षण केंद्रों पर बीकॉम की कटऑफ काफी नीचे आ गई है. अदिति महाविद्यालय और भगिनी निवेदिता कॉलेज में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और PwD सभी श्रेणियों के लिए कटऑफ 35 प्रतिशत है. भारती कॉलेज, डॉ. बीआर अंबेडकर कॉलेज और कालिंदी कॉलेज में सभी प्रमुख श्रेणियों के लिए कटऑफ 40 प्रतिशत रखी गई है. वहीं मोतीलाल नेहरू कॉलेज में सामान्य वर्ग की सीटें बंद हैं, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और PwD के लिए कटऑफ 35 प्रतिशत है. पीजीडीएवी कॉलेज में सामान्य वर्ग की कटऑफ 38 प्रतिशत और बाकी श्रेणियों में 35 प्रतिशत है. इसी तरह एसपीएम कॉलेज और श्री अरबिंदो कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 38 प्रतिशत और अन्य श्रेणियों के लिए 35 प्रतिशत कटऑफ है. सत्यवती कॉलेज में सामान्य वर्ग की कटऑफ 40 प्रतिशत और ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस तथा PwD के लिए 38 प्रतिशत निर्धारित की गई है.
कुछ केंद्रों पर सामान्य वर्ग की सीटें बंद
पांचवीं कटऑफ में कई कॉलेजों में कुछ श्रेणियों के लिए प्रवेश बंद भी हो चुका है. आर्यभट्ट कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए सीटें बंद हैं, जबकि ओबीसी के लिए 40, एससी के लिए 42, एसटी के लिए 40, ईडब्ल्यूएस के लिए 40 और PwD के लिए 40 प्रतिशत कटऑफ है. कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज में सामान्य वर्ग की सीटें बंद हैं और बाकी श्रेणियों में कटऑफ 40 प्रतिशत है. दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज में सामान्य और एससी वर्ग में प्रवेश बंद है. यहां ओबीसी और ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 51.75 प्रतिशत, एसटी की 49.75 प्रतिशत और PwD की 49.75 प्रतिशत है. जे.डी.एम. कॉलेज में सामान्य, एससी और एसटी वर्ग में प्रवेश बंद है. ओबीसी और ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 49.75 प्रतिशत तथा PwD की 47.75 प्रतिशत है.
राजधानी कॉलेज में 48 प्रतिशत कटऑफ
राजधानी कॉलेज में सामान्य वर्ग की सीटें बंद हो चुकी हैं, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और PwD सभी के लिए कटऑफ 48 प्रतिशत है. रामानुजन कॉलेज में भी सामान्य वर्ग में प्रवेश बंद है. यहां ओबीसी और एससी के लिए 44 प्रतिशत, एसटी के लिए 40 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस के लिए 44 प्रतिशत और PwD के लिए 40 प्रतिशत कटऑफ है. माता सुंदरी कॉलेज में सामान्य वर्ग की कटऑफ 50 प्रतिशत है, जबकि अन्य सभी श्रेणियों के लिए यह 45 प्रतिशत है. केशव महाविद्यालय में सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत और बाकी श्रेणियों में 40 प्रतिशत कटऑफ है. वहीं लक्ष्मीबाई कॉलेज और देशबंधु कॉलेज में सामान्य वर्ग की कटऑफ क्रमशः 45 प्रतिशत है, जबकि अन्य श्रेणियों में यह 40 प्रतिशत है.
एसजीजीएससी और मैत्रेयी में भी कटऑफ ऊंची
शहीद भगत सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स में सामान्य और एससी वर्ग की सीटें बंद हैं. ओबीसी वर्ग के लिए कटऑफ 63.5 प्रतिशत, एसटी के लिए 59 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस के लिए 61.25 प्रतिशत और PwD के लिए 59.5 प्रतिशत रखी गई है. मैत्रेयी कॉलेज में भी सामान्य और एससी वर्ग में प्रवेश बंद है. ओबीसी की कटऑफ 59.25 प्रतिशत, एसटी की 57.5 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस की 59.75 प्रतिशत और PwD की 57.5 प्रतिशत है.
हंसराज में 79.25 प्रतिशत तक कटऑफ
पांचवीं सूची में सबसे अधिक कटऑफ वाले केंद्रों में हंसराज कॉलेज शामिल है. यहां सामान्य और एससी वर्ग में प्रवेश बंद है. ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए कटऑफ 79.25 प्रतिशत है. एसटी के लिए यह 74 प्रतिशत और PwD के लिए 69.25 प्रतिशत है. मिरांडा हाउस में भी सामान्य और एससी वर्ग में प्रवेश बंद है. ओबीसी वर्ग की कटऑफ 79 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस की 79.25 प्रतिशत और PwD की 69.25 प्रतिशत है. एसटी वर्ग में भी इस चरण में प्रवेश बंद है.
छात्राओं को समय सीमा का रखना होगा ध्यान
NCWEB की पांचवीं कटऑफ के आधार पर दाखिले का यह चरण उन छात्राओं के लिए जरूरी है, जो पिछली सूचियों में प्रवेश नहीं ले सकी हैं. छात्राओं को अपनी श्रेणी के अनुसार कटऑफ जांचने के बाद निर्धारित समय के अंदर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. दाखिले की प्रक्रिया 1 सितंबर सुबह 10 बजे शुरू होकर 2 सितंबर रात 11:59 बजे समाप्त हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें

