ETV Bharat / state

बिना लाइसेंस के चल रहा था जिला अस्पताल में जन औषधि केंद्र, DM ने पकड़ी खामियां, दिए ये निर्देश

अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डित हर गोविंद पंत जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर खामियां पकड़ी.

District Hospital
अल्मोड़ा डीएम ने किया जिला हॉस्पिटल का निरीक्षण (Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : December 30, 2025 at 7:49 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अल्मोड़ा: पंडित हर गोविंद पंत जिला अस्पताल में स्थित जन औषधि केंद्र वर्षों से बिना लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है. इस बात का खुलासा अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह के अचानक अस्पताल में पहुंचने के दौरान हुआ. वहीं उन्होंने अस्पताल की साफ सफाई में खामियां पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने डीएम अंशुल सिंह अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बताया कि अस्पताल में चल रहे जन औषधि केंद्र का लाइसेंस समाप्त हो चुका है. इसके लिए जब तक सरकार से अनुमति नहीं आती है कि इस जन औषधि केंद्र को नहीं चलाया जाएगा, तब तक इसका संचालन पीएमएस की निगरानी में चलेगा, ताकि कोई अनियमितता न हो.

अल्मोड़ा जिला हॉस्पिटल में DM ने पकड़ी खामियां (Video- ETV Bharat)

वहीं बताया कि अस्पताल में साफ सफाई नहीं होना पाया गया है. इसके लिए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित और समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए. अस्पताल परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर कड़ा जुर्माना लगाया जाए. डीएम ने बताया कि अस्पताल में अनेक जांचे होती हैं. दूर दूर से लोग यहां उपचार के लिए आते हैं. रिपोर्ट देर में मिलने से लोगों को परेशानी होती है. रिपोर्ट को लेने के लिए दोबारा लोगों को आना पड़ता है, इसलिए जल्द एक ऐसा सिस्टम बनाया जायेगा की रिपोर्ट लोगों को उनके मोबाइल में ही उपलब्ध हो जाए.

इस दौरान डीएम ने उन्होंने अस्पताल के औषधि वितरण कक्ष, जन औषधि केंद्र, स्टॉक रजिस्टर तथा दवाओं की उपलब्धता, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे एवं पैथोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली. डीएम अंशुल सिंह ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की अद्यतन सूची तत्काल उन्हें उपलब्ध कराने और दवाओं की उपलब्धता में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं. इस अवसर पर पीएमएस एचसी गड़कोटी को अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप, सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित कराने को कहा गया है.