शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
शेयर मार्केट में निवेश के जरिए लाभ पहुंचाने का झांसा देने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 2, 2026 at 8:02 PM IST
दुर्ग : स्टील सिटी दुर्ग भिलाई में पुलिस ने ठगी केस का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले आरोपी को पकड़ा है. आरोपी ने रिटायर्ड शिक्षकों से 48 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली. इस तरह उसने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है.
दुर्ग पुलिस की जांच जारी
प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई की आरोपी टोमन दास साहू शेयर मार्केट में पैसा निवेशन कराने का झांसा दिया. उसके बाद उसने कई शिक्षकों से भारी भरकम ठगी की वारदात को अंजाम दिया. विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी लगी कि आरोपी टोमन दास साहू ने 9 शिक्षकों से 48 लाख से अधिक की राशि ली. उसके बाद उसने न तो मुनाफे का पैसा दिया और न ही रकम लौटाई. जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ.
आरोपी के पास से कई दस्तावेज बरामद
उसके बाद पुलिस ने आरोपी टोमन दास साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसके बाद आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया है. पुलिस ने आरोपी के घर और ऑफिस में दबिश दिया. जहां से पुलिस ने लैपटॉप,कंप्यूटर,चेक बुक,मोबाइल फोन, लेन देन की डायरी और कार बरामद किया है. दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि प्रार्थियों की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उसने इस पूछताछ में जुर्म करना स्वीकार किया है.
आरोपी ने 9 शिक्षकों से करीब 45 लाख रुपए से की राशि की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया. अब तक 9 निवेशक सामने आए है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है- विजय अग्रवाल, एसएसपी, दुर्ग
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित माध्यमों से निवेश का काम करें. इस तरह किसी के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न लुटाएं.

