म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, जानिए कैसे आया मामला सामने
दुर्ग में म्यूल अकाउंट मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. खाता देने के बदले 20 हजार रुपये देने का लालच दिया गया था.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 31, 2025 at 8:04 PM IST
दुर्ग: जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में म्यूल अकाउंट (दूसरों को बैंक खाता देने) से जुड़े बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
शिकायत से शुरू हुई जांच: प्रार्थी ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया कि उसकी मोबाइल दुकान में काम करने वाले अमित मिश्रा के दोस्त लोकेश जाघव ने उससे कहा कि उसका भाई बाहर रहता है और पैसा भेजेगा, लेकिन उसके पास बैंक खाता नहीं है. लोकेश ने खाता देने के बदले 20 हजार रुपये देने का लालच दिया.
बैंक खाता फ्रीज होने पर हुआ शक: प्रार्थी ने अपना एक्सिस बैंक और आईडीबीआई बैंक का खाता लोकेश को दे दिया. कुछ दिनों बाद आईडीबीआई बैंक का खाता फ्रीज हो गया. इससे प्रार्थी को शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत की.
बस स्टैंड से पकड़ा गया आरोपी: पुलिस जांच में लोकेश जाघव की तलाश शुरू हुई. आरोपी महाराष्ट्र भागने की तैयारी में दुर्ग बस स्टैंड में बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा: पूछताछ में लोकेश जाघव ने बताया कि वह अपने भाई टवन जाघव के साथ मिलकर म्यूल अकाउंट सप्लाई करता था. पुलिस ने टवन जाघव को भी गिरफ्तार किया.

भारी मात्रा में सामान बरामद
- 78 एटीएम और क्रेडिट कार्ड
- 21 चेकबुक
- 18 पासबुक
- 16 अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड
प्रार्थी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.- दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर
ऑनलाइन सट्टा ऐप में होता था इस्तेमाल: पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को पैसे का लालच देकर उनके बैंक खाते लेते थे. इन खातों को महाराष्ट्र में बेचा जाता था और ऑनलाइन कार्निवाल और क्रेप्स बेटिंग ऐप में इस्तेमाल किया जाता था.

