कहीं दुर्ग में न हो जाए इंदौर जैसी घटना, भिलाई में नालियों के ऊपर से गुजरा पाइपलाइन
कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने भरोसा दिया है कि पानी की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए, हर संभव काम किया जाएगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 7:57 PM IST
भिलाई: इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो गई है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 6 की जान गई है, जबकि गैर सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 18 लोग गंदा पानी पीकर अपनी जान गंवा चुके हैं. इस घटना से पूरा देश दुखी है.
कहीं भिलाई में न हो जाए इंदौर जैसी घटना
यह सिर्फ एक शहर की त्रासदी नहीं, बल्कि एक चेतावनी है, हर उस शहर के लिए जहां पानी की पाइपलाइन और सीवरेज एक ही रास्ते से होकर घरों तक पहुंचती है.

नालियों के ऊपर से होकर गुजरा पीने का पाइपलाइन
दुर्ग जिला भी इसी खतरे के साये में खुद को खड़ा पा रहा है. दरअसल, खुर्सीपार जैसे इलाकों में पानी की पाइपलाइन नालियों के ऊपर से गुजर रही है. बरसात में जब नाले उफान पर होते हैं, तब पूरी पाइपलाइन दूषित पानी में डूब जाती है. ऐसे में कहीं लीकेज हुआ तो नाले का गंदा पानी सीधे लोगों के घरों तक पहुंच जाएगा. ठीक वैसे ही जैसे इंदौर में हुआ है.


खुर्सीपार में फैली थी बीमारी
कुछ दिनों पहले ही खुर्सीपार में बड़ी संख्या में लोग जल जनित बीमारियों के शिकार हुए थे, लेकिन शायद तब इस खतरे को गंभीरता से नहीं लिया गया था. इंदौर की घटना के बाद अब जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है.

कलेक्टर ने दिए निर्देश
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि सभी नगर निगम आयुक्तों को निर्देश दिए हैं कि पाइपलाइनों का तत्काल निरीक्षण किया जाए, जहां भी लीकेज हो उसे तुरंत ठीक किया जाए और जहां सीवरेज के साथ पाइपलाइन गुजर रही हो, वहां सर्वे कर उसे बदलने का प्रस्ताव तैयार किया जाए.


नगर निगम आयुक्त ने किया सावधान
भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव पांडे का कहना है कि पाइपलाइन मरम्मत के लिए ठेका दिया गया है, नियमित निगरानी हो रही है. उन्होंने बताया कि खुर्सीपार और गौतम नगर में प्रेशर कम होने के कारण लोगों ने अवैध गड्ढे कर लिए हैं, जिस पर कड़ी कार्रवाई होगी. साथ ही सभी जगह नई टोटियां लगाई जाएंगी ताकि पानी अंतिम छोर तक सही दबाव से पहुंचे. आयुक्त ने कहा कि व्यवस्था सिर्फ कुछ लोगों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है. आयुक्त ने कहा कि अगर आज नहीं चेते, तो कल दुर्ग भी एक और इंदौर बन सकता है, तब पछतावे के अलावा कुछ नहीं बचेगा.
राशन कार्ड से राशन नहीं, दुर्ग जिले में हजारों सदस्यों के नाम हटाए गए, ये रही वजह
चाइनीज मांझा, पतंग के साथ मौत का खतरा, दुर्ग में खुलेआम बिक्री, मकर संक्रांति से पहले अलर्ट
सड़क सुरक्षा माह : बाइक रैली निकालकर सेफ ड्राइविंग का दिया संदेश, ट्रैफिक रूल फॉलो करने की अपील

