DURG CRIME: कार रिवर्स पर खूनी संघर्ष, दो भाइयों को बांधकर पीटने वाले तीन गिरफ्तार, मवेशी परिवहन करते 3 अरेस्ट, युवक पर जानलेवा हमला का आरोपी भी पकड़ाया
दुर्ग भिलाई की पुलिस ने अलग अलग क्राइम के मामले में बड़ा एक्शन लिया है. आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अतुल कुमार शर्मा की रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : October 12, 2026 at 9:11 AM IST
दुर्ग भिलाई: भिलाई के रुआबांधा स्थित छत्तीसगढ़ मार्केट में कार रिवर्स करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. यहां बीएसपी कर्मी के दो बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट करने और छोटे भाई को रस्सी से बांधकर पीटने का आरोप लगा है.
कार रिवर्स विवाद में युवकों के साथ मारपीट
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने मीट काटने वाले हथियार से भी डराया और जान से मारने की धमकी दी. घटना में दोनों भाई घायल हुए हैं. वहीं, पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पीड़ित परिवार और साहू समाज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
दरअसल, सुदीप कुमार साहू और उनका भाई उत्सव साहू शनिवार रात हनुमान मंदिर दर्शन के लिए निकले थे. इसी दौरान रूआबांधा मार्केट के पास एक सफेद रंग की कार को रिवर्स करते समय उनकी बाइक से टक्कर लग गई. इस बात को लेकर कार चालक और दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि कार चालक ने पास की मीट दुकान में काम करने वाले शोहेब खान और नासिर को बुला लिया. इसके बाद सात से आठ लोगों ने मिलकर दोनों भाइयों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की.
बड़े बेटे और छोटे बेटे को कुर्सी से बांधकर पीटा गया. मीट काटने वाले हथियार से डराया गया. दोनों बच्चे किसी तरह भागते हुए लहुलुहान हालत में घर पहुंचे. इसके बाद नेवई थाने में शिकायत की. छोटा बेटा भागते हुए किसी तरह घर पहुंचे-दीपक कुमार साहू, घायल युवकों के पिता
पीड़ित परिवार और साहू समाज ने सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
परिवार और साहू समाज के जिला अध्यक्ष चंद्र भूषण साहू का कहना है कि मार्केट में करीब एक साल पहले भी इस तरह की घटना होने की बात सामने आई थी. परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान कई लोग मौजूद थे और उनके बच्चों के साथ जिस तरह मारपीट की गई, उससे उनकी जान को भी खतरा हो सकता था. परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित पक्ष का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर वे दुर्ग एसपी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और गृहमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे.

बांधकर बेहोश होने तक पिटाई की गई. इस मामले में मामूली धाराएं लगाई गई है. हमारी मांग है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए -डॉ. कांता साहू, अध्यक्ष, साहू समाज, रिसाली
भिलाई नगर के सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि रुआबांधा में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों का मुलाहिजा कराया गया. प्रारंभिक जांच में बाइक और कार की टक्कर के बाद विवाद शुरू होने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक, मारपीट के दौरान मीट काटने वाले चाकू से डराने और डंडे से हमला करने की बात भी सामने आई है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है.

वाहन खाली करने के विवाद में शराब की बोतल से युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
वहीं पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के दौरान युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया. बाबा धाम तालाब के पास वाहन खाली करने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने शराब की कांच की बोतल तोड़कर उसके धारदार हिस्से से युवक की गर्दन पर हमला कर दिया. घटना में युवक को चोट आई है. मामले की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई टूटी बोतल का हिस्सा भी जब्त किया गया है.

मवेशियों से क्रूरता, तीन आरोपी गिरफ्तार
इधर दुर्ग पुलिस ने सुपेला घड़ी चौक पर मवेशियों के परिवहन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी बोलेरो पिकअप में एक भैंस और उसके करीब एक साल के बच्चे को महाराष्ट्र के गोंदिया ले जा रहे थे. जांच के दौरान वाहन में मवेशियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था नहीं मिली. वहीं, आरोपी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके. सुपेला पुलिस ने वाहन सहित दोनों मवेशियों को बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

