आज दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे CM साय, 99 विकास कार्यों का लोकार्पण, 185 विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन
दुर्ग के देवांगन स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी पूरी, सुशासन तिहार शिविर में होगा समस्याओं का समाधान

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 31, 2026 at 10:10 AM IST
दुर्ग: आज 31 मई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे. सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में वे शामिल होंगे. उनके आगमन को लेकर झाडूराम देवांगन स्कूल परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई है.
तैयारियों का लिया गया जायजा
कार्यक्रम से पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महापौर अलका बाघमार और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंच, वीआईपी बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल और बिजली जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर समय पर सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए.
737 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री जिले को कुल 737.07 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे. इसमें 376.69 करोड़ रुपये की लागत वाले 99 विकास कार्यों का लोकार्पण और 360.38 करोड़ रुपये के 152 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा.
इन प्रमुख परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
लोकार्पण कार्यों में पाटन कॉलेज का इंडोर स्टेडियम एवं स्टाफ क्वार्टर, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय भवन, शिवनाथ नदी पर उच्चस्तरीय पुल, दुर्ग-नगपुरा-करेला मार्ग का पुल, ठकुराईन टोला का लक्ष्मण झूला, अंडा उपकेंद्र, बिजली पारेषण लाइनें, सड़क उन्नयन और भिलाई में जलापूर्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं.
मेरे और दुर्ग शहरवासियों की तरफ से CM का स्वागत करते हैं. बहुप्रतिक्षित मांग मल्टीलेवल पार्किंग, STP इतने सालों बाद पूरा होने जा रहा है तो उत्साह तो रहेगा ही. साथ ही गर्मी को लेकर भी पूरी व्यवस्था कार्यक्रम में की गई है- महापौर अलका बाघमार
कई नई परियोजनाओं की रखी जाएगी नींव
भूमिपूजन कार्यों में भिलाई स्थित छात्रावास निर्माण, विभिन्न पुलों का निर्माण, 30 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल, 77 एमएलडी एसटीपी, कम्पोस्ट प्लांट, इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग, नालंदा परिसर, सड़क चौड़ीकरण, फोरलेन सड़क निर्माण और जवाहर मार्केट उन्नयन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं.
सुशासन तिहार शिविर में होगा समस्याओं का समाधान
कार्यक्रम के दौरान सुशासन तिहार समाधान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा. यहां आम नागरिक अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकेंगे और उनका मौके पर समाधान किया जाएगा. साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी.
सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम
महापौर अलका बाघमार ने बताया कि गर्मी को देखते हुए लोगों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. वहीं एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री करीब चार घंटे तक जिले में रहेंगे और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

