भिलाई चरोदा निगम का भाजपा ने किया घेराव, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर जमकर प्रदर्शन
भिलाई में बीजेपी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चरोदा नगर निगम का घेराव कर विरोध जताया है

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 30, 2026 at 9:34 PM IST
भिलाई: भारतीय जनता पार्टी ने भिलाई चरोदा नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, अधूरे विकास कार्यों और जन समस्याओं को लेकर मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया.
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहले सभा आयोजित की, इसके बाद सैकड़ों की संख्या में निगम कार्यालय पहुंचकर घेराव किया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी देखने को मिली. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने बड़ी संख्या में जवान तैनात किए थे.
भाजपा की 12 सूत्रीय मांगें
भाजपा ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम महेश राजपूत को ज्ञापन सौंपा. पार्टी ने निगम में वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित भुगतान, पेयजल संकट के समाधान, डबरापारा से चरोदा तक केनाल रोड निर्माण, सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था में सुधार सहित कई मांगें उठाईं.

भाजपा ने टेंडरों में कथित कमीशनखोरी, अवैध कब्जों, भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की.

भाजपा नेताओं के आरोप
प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, जिला प्रभारी रामजी भारती, पार्षद, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के महापौर के कार्यकाल में विकास कार्यों से ज्यादा भ्रष्टाचार हुआ है और हर काम में कमीशनखोरी हावी है.

महापौर का पलटवार
महापौर निर्मल कोसरे ने पलटवार करते हुए कहा कि साढ़े चार साल तक भाजपा ने कोई आंदोलन नहीं किया और अब चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है.
क्या कहते हैं अधिकारी ?
एसडीएम महेश राजपूत ने कहा कि भाजपा का ज्ञापन मिल गया है. इसे आगे कलेक्टर को भेजा जाएगा.

