भिलाई राशन दुकान लूटकांड, चार आरोपी गिरफ्तार, दुकानदार से मारपीट का आरोप
छत्तीसगढ़ की दुर्ग भिलाई पुलिस ने राशन दुकान लूट केस में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 6, 2026 at 9:50 PM IST
दुर्ग भिलाई: छत्तीसगढ़ की स्टील सिटी दुर्ग भिलाई में क्राइम की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है. यहां लगातार अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है उसके बावजूद भी वारदात का सिलसिला रुक नहीं रहा है. ताजा मामला भिलाई का है. यहां पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक किराना दुकानदार से मारपीट कर नकदी लूटने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
जानिए कैसे हुई दुकान में लूट ?
दरअसल मामला 4 मई की सुबह का है, जब हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में मेजर यादव की किराना दुकान पर चार युवक चाय और सिगरेट लेने पहुंचे.दुकानदार ने जब सामान के पैसे मांगे, तो आरोपी श्याम रेड्डी और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते आरोपियों ने धारदार हथियार निकाल लिया और दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी.दहशत का फायदा उठाकर बदमाशों ने गल्ले में रखे 5,100 रुपये लूट लिए.
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने तुरंत की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर एएसपी मणिशंकर चंद्रा के निर्देशन में पुरानी भिलाई पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस ने घेराबंदी कर खुर्सीपार निवासी धनराज निर्मलकर, विराज, श्याम रेड्डी और प्रहलाद बंजारे को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल हथियार और नकदी बरामद किए गए . इसके अलावा पुलिस साक्ष्य जब्त किया.
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है. अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित राशन दुकानदार ने राहत की सांस ली है. उनके साथ साथ भिलाई के अन्य रहवासियों ने भी राहत की सांस ली है.

