ETV Bharat / state

जींद में डंपर कार पर पलटा, बाल-बाल बचे दूल्हा-दुल्हन, कार ड्राइवर हुआ घायल

जींद में रोड़ी से भरा डंपर कार पर पलट गया. इस सड़क हादसे में दूल्हा और दुल्हन बाल-बाल बच गए.

bride and groom narrowly escaped
जींद में बाल-बाल बचे दूल्हा-दुल्हन (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 9, 2026 at 8:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जींदः हरियाणा के जींद-कैथल रोड बाईपास एप्रोच रोड पर रोड़ी से भरा डंपर दूल्हे की गाड़ी पर पलट गया जिसमें दूल्हा और दुल्हन समेत तीन लोग बाल-बाल बच गए. जबकि चालक मामूली तौर पर घायल हो गया, जिसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

शादी के बाद वापस लौट रही थी बारातः गांव राजाखेड़ी (पानीपत) निवासी विजय अपनी दुल्हन दड़बा कलां (सिरसा) निवासी स्नेहा, मौसेरे भाई मनोज, चाचा करण सिंह के साथ कार से वापस घर लौट रहे थे. सोमवार सुबह जींद से कैथल रोड बाईपास अप्रोच रोड पर साइड में कार खड़ी कर वे बारात की दूसरी गाड़ियों का इंतजार कर रहे थे. उसी समय पीछे से रोड़ी से भरा तेज रफ्तार डंपर आया और अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई.

Road Accident In Jind
जींद में सड़क हादसा (Etv Bharat)

आसपास के लोगों ने गाड़ी से बाहर निकालाः आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. जिसमें विजय और उसकी दुल्हन और चाचा कर्ण बाल-बाल बच गए. जबकि चालक मनोज को हल्की चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Road Accident In Jind
कार पर पलटा डंपर (Etv Bharat)

दडबा कलां से लौट रही थी बारातः दूल्हे के चाचा कर्ण सिंह ने बताया कि बारात दडबा कलां से लौट रही थी. अप्रोच रोड पर पीछे आ रही गाड़ियों का इंतजार कर रहे थे. तभी तेज रफ्तार डंपर पीछे से आया और उनकी गाड़ी पर पलट गया. एक बार तो लगा कि कुछ नहीं बचा. मौत को नजदीक से देखा. जब उन्हें बाहर निकाला, तब कहीं जाकर जान में जान आई. उसके भतीजे मनोज को हल्की चोट आई है. सदर थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि घटना में किसी को ज्यादा चोट नहीं आई है. दूल्हा और दुल्हन को दूसरी गाड़ी से रवाना कर दिया गया. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें-नूंह में शादी के डांस प्रोग्राम में बवाल, दूल्हे और पिता के साथ मारपीट, दुल्हन लेने अकेला ही गया दूल्हा