ईरान और इजरायल युद्ध के चलते IGI से बड़ी संख्या में दुबई सहित कई देशों की उड़ानें रद्द, यात्री परेशान
यूपी, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब सहित कई राज्यों से दिल्ली एअरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ने पहुंचे यात्री मायूस , 6 मार्च के बाद ही तय होगी तारीख

Published : March 1, 2026 at 3:18 PM IST
नई दिल्ली: ईरान और इजराइल में युद्ध की शुरुआत के बाद खाड़ी देशों को जाने वाली अधिकतर उड़ानें दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रद्द कर दी गई हैं. इसके चलते दिल्ली के एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्री परेशान हैं. रद्द होने वाली उड़ानों में अधिकतर दुबई की उड़ानें शामिल हैं. दुबई पर इजरायल के हमले की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते उड़ानें रद्द की गई हैं.
एयरपोर्ट पर दुबई जाने वाले यात्री परेशान
बिहार के नवादा शहर से दिल्ली एयरपोर्ट पर दुबई की फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंचे मोहम्मद छोटू कुरैशी ने बताया कि वह सुबह 7 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लिए पहुंच गए थे. उनकी 3:30 बजे की दुबई की फ्लाइट थी. लेकिन, यहां पहुंचने पर बताया जा रहा है की फ्लाइट रद्द हो गई है. अब 6 मार्च के बाद ही फ्लाइट जाने का पता चल पाएगा. उन्होंने बताया कि उनके एक भाई दुबई में प्लंबर का काम करते हैं. पलंबर का काम करने के लिए ही उनको भी बुलाया था.
फ्लाइट रद्द होने से अपने गृहराज्य जाने को मजबूर
एजेंट के जरिए उनका दुबई का टिकट कराया गया था. लेकिन अब यहां आने पर पता चला की फ्लाइट रद्द है तो अब वापस घर पर बिहार ही जाना पड़ेगा. बिहार जाने के लिए ट्रेन की टिकट तलाश रहे हैं. वहीं बिहार से ही दुबई की फ्लाइट पकड़ने पहुंचे मोहम्मद सलमान ने बताया कि वह भी दुबई में प्लंबर का काम करने के लिए जा रहे थे. अब एअरपोर्ट आने पर फ्लाइट रद्द होने का पता चला है. अब वापस बिहार जाएंगे.

6 मार्च के बाद ही हवाई सेवा के बहाल होने की मिलेगी जानकारी
बताया गया है कि चार दिन बाद ही फ्लाइट जाने का पता चलेगा. वहीं पंजाब के गुरदासपुर से दुबई जाने के लिए सुबह 10:10 की फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंचे राहुल ने बताया कि हमारे एक रिश्तेदार दुबई में टैक्सी चलाने का काम करते हैं. टैक्सी चलाने के लिए उनको भी बुलाया था. लेकिन यहां आने पर पता चला की फ्लाइट रद्द हो गई है, इसलिए अब वापस गुरदासपुर जाने की सोच रहे हैं. फ्लाइट यहां से कब जाएगी उसके बारे में अभी कुछ बताया नहीं गया है.
लगातार फ्लाइट कैंसिल होने से यात्री बुरी तरह परेशान
वहीं, जर्मनी के हैंबर्ग जाने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंची सुमित्रा ने बताया कि वह हैंम्बर्ग में जॉब करती हैं. यूपी की रहने वाली हैं. चार-पांच दिन पहले किसी काम से यहां आई थी. उनको आज वापस हैमबर्ग जाना था. उनकी यहां से ज्यूरिख की फ्लाइट थी. फिर वहां से स्विस एयरलाइंस के द्वारा ज्यूरिख से फ्लाइट चेंज करके उनको हैमबर्ग जाना था. लेकिन 2 बजे की जो फ्लाइट थी वह कैंसिल बताई जा रही है. इससे उनकी समस्या बढ़ गई है. उनकी आज तक की छुट्टी थी और आज जर्मनी में उनको पहुंच करके कल से ड्यूटी ज्वाइन करनी थी.

कई देशों के एअर स्पेस बंद होने से हवाई सेवा प्रभावित
सुमित्रा ने बताया कि मैं अपना लैपटॉप भी साथ नहीं लाई हूं, जिससे कि ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम कर सकूं. मैं सुबह 9 बजे यहां फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंच गई थी. मेरे घर परिवार से भी चार लोग मुझे यहां छोड़ने आए थे. लेकिन अब सबको परेशान होकर के वापस लौटना पड़ रहा है. बता दें कि दुबई के अलावा दिल्ली से जेद्दा, शारजाह, बगदाद, कतर, लंदन, कुवैत, रियाद, मिलान, कोपेनहेगन और वियना को जाने वाली उड़ानें भी रद्द की गई हैं.
ये भी पढ़ें :

