दो दिन से अंधेरे में डूबा गैरसैंण, छात्र परेशान, जनता बेहाल, जानें कारण
गैरसैंण में बिजली लाइन में खराबी के कारण कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित. बोर्ड परीक्षार्थी परेशान.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 3:53 PM IST
गैरसैंण: 9 मार्च से प्रस्तावित बजट सत्र के दौरान गैरसैंण पंहुचने वाले माननीयों के लिए चकाचौंध में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए ऊर्जा निगम दिन रात विद्युत लाइनों को दूरस्थ करने में जुटा है. जिस कारण पिछले दो दिनों से नगर के अधिकांश हिस्से अंधेरे में डूबे हुए हैं. नगर क्षेत्र में चल रही अनियमित विद्युत आपूर्ति का खामियाजा बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों सहित आमजन को भुगतना पड़ रहा है.
दरअसल, भराडीसैंण स्थित विधान सभा परिसर क्षेत्र में सत्र के दौरान कोई व्यवधान न आए, इसके लिए 33 और 11 केवी की विद्युत लाइनों को दूरस्थ रखने के लिए तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं. इस दौरान गैरसैंण नगर के फीडर में तकनीकी खामी आ गई, जिस कारण विद्युत आपूर्ति ठप पड़ गई. जिसके बाद ऊर्जा निगम द्वारा 28 फरवरी सुबह से दो दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों को दिन रात काम पर लगाकर सुधारीकरण का काम किया जा रहा है.
सुधारीकरण के काम के कारण ग्रीष्मकालीन राजधानी के मुख्य नगर गैरसैंण में बीते 26 घंटों से अनियमित विद्युत आपूर्ति नगरवासियों के लिए सिरदर्द बनी हुई है. पिछले दो दिनों से गैरसैंण नगर क्षेत्र के 11 केवी के फीडर में निर्माणाधीन कोतवाली के पास से गुजर रही लाइन में आई दिक्कत के कारण कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप तो कई जगहों पर अनियमित आपूर्ति हो रही है. जिस कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक तरफ बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र परेशान हैं तो दूसरी तरफ लोगों के जरूरी काम में अटक गए हैं. वहीं होटल व्यवसाय से जुड़े लोग भी परेशान हैं.
गर्मियों का सीजन शुरू होते ही आइसक्रीम मंगवाई थी. लेकिन दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप होने से लगभग डेढ़ लाख की आइसक्रीम खराब हो गई है.
-विनोद पंवार, आइसक्रीम विक्रेता-शादियों का सीजन शुरू होने वाला है. लेकिन लाइट न होने से कार्ड छपान समेत कई अन्य कार्य ठप पड़े हुए हैं.
-दिनेश नेगी, दुकानदार, प्रिंटिंग प्रेस-
अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर विभागीय अधीक्षण अभियंता शैलेंद्र बिष्ट ने बताया कि,
विधान सभा वाले फीडर में काम के दौरान नगर के फीडर में कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण विद्युत आपूर्ति की परेशानी हुई है. जिस पर काम चल रहा है. जल्द ही व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी.
-शैलेंद्र बिष्ट, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग-
ये भी पढ़ें:
- ऐतिहासिक गैरसैंण विधानसभा सत्र, पहली बार राज्यपाल अभिभाषण के साथ पेश होगा बजट
- यशपाल आर्य ने विधानसभा बजट सत्र को लेकर धामी सरकार पर किया हमला, कहा- जनता से जुड़े मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
- गैरसैंण में बजट सत्र से पहले स्थायी एसडीएम की नियुक्ति को लेकर तहसील में प्रदर्शन, दी ये चेतावनी
- गैरसैंण में शुरू हुई बजट सत्र की तैयारियां, प्रशासन ने संभाला मोर्चा, अफसरों को सौंपी जिम्मेदारियां

