ETV Bharat / state

अयोध्या में सर्दी का सितम: सरयू का जलस्तर घटने से 2000 लोगों की रोजी पर संकट

भक्तों की संख्या घटने से सरयू की 300 नावें शोपीस बन गईं, नौका विहार से होने वाली कमाई पर पड़ा असर.

अयोध्या में ठंड का कहर
अयोध्या में ठंड का कहर (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 10:14 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अयोध्या: अयोध्या में सर्दी अब रोजी रोटी पर भी सितम ढा रही है. दरअसल, यहां सरयू किनारे 300 नावें इस वक्त शोपीस बनकर खड़ी हो गईं हैं. सरयू का जलस्तर घटने औऱ सर्दी में भक्तों की संख्या कम होने से यहां के नौका विहार पर इसका बड़ा असर पड़ा है. इन नावों से जुड़े 2000 लोग इस वक्त रोजी रोटी के लिए जूझ रहे हैं. मांग की जा रही है कि सरकार सरयू के जलस्तर में बढ़ोत्तरी के प्रयास करे ताकि लोगों को नौका विहार के लिए फिर से आकर्षित किया जा सके.

इस वजह से नाविक परेशान: अयोध्या में राम मंदिर बनने से सरयू के नाविकों की आय का स्रोत बढ़ गया है. यहां कुछ दिनों पहले तक रोज बड़ी संख्या में लोग नौका विहार के लिए आ रहे थे. अचानक सर्दी बढ़ने औऱ सरयू का जलस्तर घटने से श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आने लगी. अब तो यह गिरावट ऐसी हो गई है कि यहां संचालित होने वाली 300 नावें यदा कदा ही चल पा रही हैं. ज्यादातर समय ये नावें यहां के घाटों के किनारे खड़ी रहती हैं. इससे इन नावों के जरिए रोजगार पा रहे 2000 लोग खासे परेशान हैं.

सरयू नदी का जल स्तर घटा (Video Credit: ETV Bharat)

नाविकों ने उठाई ये मांग: नाविक राजेंद्र माझी कहते हैं कि एक तरह से सभी नावें बंधी हुई है. परिवार का खर्च किसी तरह चलाया जा रहा है. मेला भी आ रहा हैं. सबसे अधिक समस्या पानी की कमी के कारण हो रही है.

राजेंद्र माझी ने कहा कि सरकार यदि सरयू से जुड़ी नहर बंद कर दे और पानी को छोड़ दें, तो व्यवस्था ठीक हो सकती है. दिसंबर से फरवरी तक कमाई की संभावना बिल्कुल नहीं दिख रही है. सबकुछ राम भरोसे हैं.

वहीं, नाविक बृजेश कुमार ने बताया कि अब घूमने वाले श्रद्धालु बहुत कम आ रहे हैं. कमाने खाने में दिक्कत हो रही है. वर्तमान में जो मिल जाता है उसी से खर्च चलाना पड़ रहा है. सर्दी का भी असर पड़ा है.

यह भी पढ़ें: यूपी में मौसम की बदली चाल; अयोध्या में ठंड का कहर, लखनऊ में राहत, नोएडा सबसे प्रदूषित