फरीदाबाद में फिर चला पीला पंजा, अवैध निर्माण को किया गया ध्वस्त
एक बार फिर डीटीपी एनफोर्समेंट ने फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की है.

Published : December 15, 2025 at 8:20 PM IST
फरीदाबाद: भू-माफियाओं और अवैध निर्माणकर्ताओं पर डीटीपी (Directorate of Town Planning) एनफोर्समेंट फरीदाबाद ने कड़ा रूख अपना लिया है. सोमवार को अवैध रूप से बनी व्यावसायिक कॉलोनी पर डीटीपी के पीले पंजे ने जमकर कहर बरपाया. ये अवैध कॉलोनी मुख्य हाईवे पर कैली गांव के पास अवैध रूप से विकसित की जा रही थी. इसमें तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
4 बार इसी जगह पर तोड़फोड़: डीटीपी के पदाधिकारी यजन चौधरी खुद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर मौजूद थे. उन्होंने बताया कि पहले भी 4 बार इसी जगह पर तोड़फोड़ की जा चुकी है. इस तोड़फोड़ को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किया गया. डीटीपी ने भू-माफियाओं और अवैध निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि "किसी भी सूरत में ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कोई भी व्यक्ति प्लॉट लेने से पहले जमीन के बारे में मालूम कर लें, तभी कुछ निर्माण करें या खरीदें. आगे भी तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी."
अवैध निर्माण पर लगातार कार्रवाईः आपको बता दें जिले में इन दिनों लगातार डीटीपी और नगर निगम द्वारा अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं. जहां भी अवैध निर्माण किया गया है, उसे तोड़ा जा रहा है और इसी कड़ी में आज भी डीटीपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई भवनों को तोड़ा है.

