फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन, अवैध बैंक्विट हॉल, गेम जोन और ढाबे को पीले पंजे ने किया ध्वस्त
फरीदाबाद के शहरी इलाके में मौजूद कृषि भूमि के कमर्शियल निर्माण पर डीटीपी विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है.

Published : February 16, 2026 at 6:28 PM IST
फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-79 स्थित वर्ल्ड स्ट्रीट के पास कृषि भूमि पर अवैध रूप से बैंक्विट हॉल, गेम जोन, ढाबे सहित अन्य कमर्शियल निर्माण जारी था. सोमवार को जिला टाउन प्लानिंग विभाग (DTP) की ओर से अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी.
क्या बोले अधिकारीः फरीदाबाद के DTP यजन चौधरी ने बताया कि "कृषि भूमि पर अवैध रूप से कमर्शियल निर्माण नगर निकाय के नियमों के अनुसार गलत है. जिन प्लॉटों पर कोर्ट का ऑर्डर है, उसे छोड़कर सभी अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है. जिन प्लॉटों पर कोर्ट का स्टे है, उन प्लॉटों को छोड़कर सभी प्लॉटों पर ये कार्रवाई की जायेगी. ये जमीन खेती के लिए है, यहां व्यापारिक निर्माण करना गलत है. विभाग ने चेतावनी दी है कि दोबारा अवैध निर्माण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."
नोटिस देकर की गई कार्रवाईः डीटीपी अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि "विभाग को इस जगह पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी. जांच में पाया गया कि बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थी. करीब एक महीने पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस दे दिए गए थे और जगह खाली करने को कहा गया था. इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाए गए. अंतिम नोटिस देने के बाद आज कार्रवाई की गई. जिन लोगों का कहना है कि उन्हें नोटिस नहीं मिला, यह गलत है. सभी को नियमों के अनुसार नोटिस दिए गए थे और निर्माण पर निशान भी लगाए गए थे."

