रांची की सड़कों पर बेलगाम ओवरलोड स्कूल वैन और बसें, डीटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई कर काटे चालान
रांची में ओवरलोड स्कूल वैन और बसों के खिलाफ डीटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान काटे हैं.

Published : May 5, 2026 at 3:47 PM IST
रांची: राजधानी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है. रांची डीटीओ और ट्रैफिक पुलिस की ओर से ओवरलोड स्कूल वैन और बसों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू हो चुका है. बार बार चेतावनी के बावजूद नियम तोड़ने वाले वाहन संचालकों पर कार्रवाई की जा रही है.
जांच शुरू, लगा फाइन
रांची में डीटीओ अखिलेश कुमार के नेतृत्व में स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. दो दिन पहले ही परिवहन विभाग की तरफ से स्कूल बसों और वाहनों को कड़ी चेतावनी दी गई थी कि वह क्षमता से अधिक बच्चों को ना बैठाए लेकिन बावजूद इसके नियमों की अवहेलना करके बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखा जा रहा था. सूचना मिलने के बाद परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को एक साथ स्कूल वैन और वाहनों की चेकिंग शुरू की. इस दौरान कई स्कूल वैन और बस ओवरलोड पाई गईं.
जोखिम में बच्चों की जान!
हैरानी की बात यह है कि लगातार जागरूकता और निर्देश के बावजूद वाहन चालक ज्यादा कमाई के लालच में बच्चों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. जिला परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर ही चालान काटे. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त भी किया जाएगा.
स्कूल के नाम बड़े लेकिन बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़
अभियान के दौरान रांची के ऑक्सफर्ड स्कूल, जेवीएम श्यामली और बिशप गर्ल्स स्कूल सहित कई स्कूलों के वाहनों की जांच की गई, जिनमें कई गाड़ियां ओवरलोड मिली. रांची डीटीओ अखिलेश कुमार ने बताया बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
ओवरलोड स्कूल वैन और बसों के खिलाफ अभियान
रांची डीटीओ ने बताया कि सुबह के समय में चेकिंग जानबूझकर नहीं की गई थी क्योंकि इससे बच्चों का स्कूल प्रभावित होता लेकिन छुट्टी के बाद पूरे राजधानी में जबर्दस्त अभियान चलाया गया है. रांची डीटीओ ने बताया कि परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से सभी स्कूलों को नोटिस भी भेजा जाएगा. अगर चेतावनी के बाद भी ओवरलोडेड स्कूल वैन या बस पाए गए तो उनकी जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- स्कूली बच्चों की जिंदगी से हो रहा खिलवाड़, कहीं बच्चों से वाहन को धक्का, तो कही खूली ऑटो में सफर
हजारीबाग में तालाब में गिरी स्कूल वैन, 17 बच्चे हुए घायल
रांची में पुलिस वाहन और स्कूल वैन में टक्कर, कई मासूमों को आई चोटें, ड्राइवर की मौत

