ETV Bharat / state

हिमाचल में 81 दिन बाद टूटा ड्राई स्पेल, कोकसर में सबसे अधिक हुई बर्फबारी, बारिश से किसान-बागवानों के खिले चेहरे

हिमाचल प्रदेश में नये साल पर बर्फबारी और बारिश होने से लंबे समय से चल रहा ड्राई स्पेल खत्म हो गया.

हिमाचल में 81 दिन बाद टूटा ड्राई स्पेल
हिमाचल में 81 दिन बाद टूटा ड्राई स्पेल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 2, 2026 at 8:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने आखिरकार करवट ले ही ली. प्रदेश में पूरे 81 दिनों तक चले लंबे ड्राई स्पेल के बाद नए साल के पहले दिन एक जनवरी को आसमान से बरसे बादल और ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से लोगों ने राहत की सांस ली है. जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कोकसर में सबसे अधिक 10.1 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई. वहीं, माध्यम ऊंचाई और मैदानी क्षेत्रों में हुई हल्की से मध्यम बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरे पर उम्मीद की मुस्कान लौट आई है. प्रदेश में बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, 6 जनवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर फिर से हल्की बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं.

तापमान में गिरावट

प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. कई स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है. वहीं, निचली पहाड़ियों/मैदानी इलाकों के स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया. मध्यम और ऊंची पहाड़ी स्टेशनों पर यह सामान्य या सामान्य के करीब रहा.

ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर यह -6 से 1 डिग्री सेल्सियस की रेंज में रहा. मध्य पहाड़ियों पर 2 से 9 डिग्री सेल्सियस की रेंज में और राज्य के निचले क्षेत्रों में तापमान 3 से 9 डिग्री सेल्सियस की रेंज में रहा. इसी तरह से पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया. वहीं कुछ स्टेशनों पर ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया. कई स्टेशनों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा कुछ स्टेशनों पर यह सामान्य या सामान्य के करीब था.

वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर यह 3 से 9 डिग्री सेल्सियस की रेंज रहा. मध्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 9 से 19 डिग्री सेल्सियस की रेंज रिकॉर्ड किया गया. इसके अतिरिक्त राज्य के निचले क्षेत्रों में निचली पहाड़ियों/मैदानों पर अधिकतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस की रेंज में दर्ज किया गया है. आज सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में -6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, आज अधिकतम तापमान बजौरा में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

कोकसर में 10.1 सेंटीमीटर बर्फबारी

हिमाचल में मौसम के करवट बदलने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई और मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है. लाहौल स्पीति के कोकसर सबसे 10.1 सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गईं. इसी तरह से शिलारू 2.0, गोंडला 2.0, जोत 0.5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है. कुफरी, नारकंडा, कोठी और केलांग में बर्फ की सफेद चादर बिछी है. वहीं, इस दौरान बंगाना रेवेन्यू 43.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसी तरह से कसौली 16.2, घमरूर 12.6, करसोग 5.1, जोगिंदरनगर 5.0, नैना देवी 4.6, संधोल 4.4, धर्मपुर 4.2, बग्गी 3.6, पंडोह 3.5, ओलिंडा 3.0, टिस्सा 2.8, रायपुर मैदान 2.4, सलोनी 2.3 व ऊना 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई.

6 जनवरी को फिर बर्फबारी के आसार

प्रदेश में 6 जनवरी को ऊंची चोटियों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं, हफ्ते के बाकी दिनों में मौसम साफ रहने के आसार जताए गए हैं. इसी तरह से अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है. इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं.

वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब 3 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में 6 जनवरी तक साफ रहेगा मौसम, मैदानी इलाकों में कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट