ETV Bharat / state

हमीरपुर में नशे में धुत युवाओं ने बस ड्राइवर-कंडक्टर से की मारपीट, सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, फिर...

नशे में धुत युवकों पर बस ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट का आरोप. विवाद के बाद ट्र से टकराई युवकों की कार, हालत गंभीर.

Hamirpur Accident Drunken Youths Beat Up Bus Driver and Conductor
हमीरपुर में नशे में धुत युवाओं ने बस ड्राइवर-कंडक्टर से की मारपीट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 5:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में नशे में धुत युवाओं द्वारा निजी बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवाओं की गुंडागर्दी और सड़क पर किया हाई वोल्टेज ड्रामा साफ तौर पर देखा जा सकता है. वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

नशे में धुत युवाओं पर बस ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना हमीरपुर शहर के नजदीक सलासी क्षेत्र में गुरुवार (8 जनवरी) तड़के करीब 5 बजे की बताई जा रही है. एक निजी बस सुबह धनेटा से शिमला के लिए रवाना हुई थी. जैसे ही बस सलासी के पास पहुंची, सड़क के बीच दो गाड़ियां खड़ी कर कुछ युवाओं ने रास्ता रोक दिया. बस ड्राइवर का आरोप है कि जब उनसे सड़क से गाड़ियां हटाने को कहा तो नशे में धुत युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. देखते ही देखते नशे में धुत युवक मारपीट पर उतर आए. ड्राइवर ने बताया कि, युवाओं ने बस के शीशे तोड़ दिए और उनके साथ (ड्राइवर-कंडक्टर) के साथ-साथ बस में सवार यात्रियों से भी मारपीट की.

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर (ETV Bharat)

विवाद के बाद ट्रक से टकराई युवकों की कार

घटना के दौरान युवाओं के साथ मौजूद एक युवती भी वीडियो में दिखाई दे रही है, जो एक युवक को मारपीट करने से रोकने का प्रयास करती नजर आ रही है. हालांकि, आरोपी युवक ने युवती को धक्का देकर गाड़ी में गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. मारपीट के बाद आरोपी युवक मौके से अपनी गाड़ी भगाकर ले गए, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई.

Hamirpur Accident Drunken Youths Beat Up Bus Driver and Conductor
नशे में धुत युवाओं ने बस ड्राइवर-कंडक्टर से की मारपीट (ETV Bharat)

इस हादसे में गाड़ी में सवार युवती को गंभीर चोटें आईं हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई, जबकि स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में युवकों के खिलाफ भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Hamirpur Accident Drunken Youths Beat Up Bus Driver and Conductor
बस ड्राइवर कंडक्टर से विवाद के बाद ट्रक से टकराई कार (ETV Bharat)

पुलिस ने की आरोपियों की पहचान

वहीं, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि, "भारत बस सुबह करीब 5 बजे धनेटा से शिमला की ओर जा रही थी. सलासी के पास सड़क के बीच खड़ी गाड़ियों को हटाने के लिए बस चालक ने युवाओं से बात की थी, लेकिन इसी दौरान युवाओं ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. इस घटना को अंजाम देने में 8 से 9 युवक शामिल थे. पुलिस थाना हमीरपुर में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है और शेष की तलाश जारी है. वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है. दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी."

Hamirpur Accident Drunken Youths Beat Up Bus Driver and Conductor
हादसे में कार के परखच्चे उड़े (ETV Bharat)

ये भी पढ़ें: हिमाचल हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुबह-सुबह एक ईमेल से मचा हड़कंप

ये भी पढ़ें: हिमाचल के इस विभाग में अब AI से होगा काम, सीएम सुक्खू ने सरकारी कर्मचारियों को दिए ये निर्देश