हल्द्वानी की सड़कों पर नशेड़ी कार चालक ने मचाया कहर, 4 लोगों को मारी टक्कर, महिला को पहुंचाया अस्पताल
हल्द्वानी में नशे में धुत कार चालक ने 4 लोगों को मारी टक्कर, एक महिला की हालत नाजुक, लोगों ने चालक को जमकर धुना

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 29, 2026 at 3:21 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में तेज रफ्तार और शराब के नशे का खौफनाक चेहरा देखने को मिला. जहां मुखानी से जेल रोड तक एक कार चालक ने चार राहगीरों को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर पीटा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार सीज कर दी.
नशेड़ी कार चालक ने बरपाया कहर: जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हल्द्वानी में रविवार रात करीब 9 बजे हुआ. जहां एक तेज रफ्तार कार ने हल्द्वानी शहर की एक सड़क पर दहशत फैला दी. पुलिस की मानें तो मुखानी निवासी पंकज शराब के नशे में कार चला रहा था. वो ऊंचापुल की ओर से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की तरफ आ रहा था.

तीन लोगों को टक्कर मारकर फर्राटा भरता रहा वाहन: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही तीनों घायल सड़क पर गिर पड़े, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका. इसके बाद आरोपी तेज रफ्तार में जेल रोड तिराहे की ओर बढ़ गया.
महिला को मारी टक्कर, कई फीट दूर जाकर गिरी: कालू सिद्ध बाबा मंदिर के पास उसने पीछे से एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरी और मौके पर ही बेहोश हो गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

आखिर में बिजली के खंभे से जा टकराई कार, लोगों ने चालक को पकड़ कर धुना: महिला को टक्कर मारने के कुछ ही दूर चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली के खंभे से जा टकराया. कार रुकते ही आसपास के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीड़ ने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया.
"मेडिकल जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है. दुर्घटनाग्रस्त कार को सीज कर दिया गया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है."- विजय मेहता, कोतवाली प्रभारी
ये भी पढ़ें-

