चंपावत में 75 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पीलीभीत से लाकर युवकों को बेचता था
पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी हैरी सिंह की तलाश शुरू कर दी है. आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में मुकदमा दर्ज

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 26, 2026 at 2:38 PM IST
चंपावत: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. टनकपुर क्षेत्र से 75 लाख रुपये मूल्य की 253 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं और मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है.
मुख्यमंत्री के "ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान" को सफल बनाने की दिशा में चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने टनकपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 24 जून 2026 को कोतवाली टनकपुर और एसओजी टीम के संयुक्त नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के समीप मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 253 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई. पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम मंसूरी (21 वर्ष) पुत्र सलीम मंसूरी निवासी वार्ड नंबर-06, मीना बाजार, बनबसा, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 253 ग्राम स्मैक, बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक पीलीभीत निवासी हैरी सिंह से लेकर क्षेत्र के नशे के आदी युवकों को बेचता था. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी हैरी सिंह की तलाश शुरू कर दी है. आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: वेल्डर से नशा तस्कर बना अंकुश, ₹4.62 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश तेज

