ETV Bharat / state

आधी रात सोती बच्ची को चुरा ले गया था नशेड़ी, पुलिस ने 100 CCTV फुटेज खंगाले, तब हुई गिरफ्तारी

हरिद्वार में बच्ची चोरी का खुलासा, तो रुद्रपुर में भी नशे का आदी चोर पकड़ा गया

HARIDWAR CHILD THIEF ARRESTED
पुलिस की गिरफ्त में बच्ची चोर (Photo courtesy- Haridwar Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 24, 2026 at 9:11 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: पुलिस ने दो साल की बच्ची को चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि कुमार है, जो ज्वालापुर क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी ने बीती 19 फरवरी की रात बच्ची को सोते हुए मां बाप के पास से चोरी कर लिया था. सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया. पुलिस की नाकेबंदी के कारण वो बच्ची को शहर से बाहर ले जाने में कामयाब नहीं हो सका. चेकिंग देखकर बच्ची को ऋषिकुल तिराहे पर छोड़कर फरार हो गया. आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत को पूरा करने के लिए उसने बच्ची का अपहरण करने की योजना बनाई, ताकि रुपयों की जरूरत पूरा करने के लिए उससे भीख मंगवा सके.

बच्ची चुराने वाला नशेड़ी गिरफ्तार: पुलिस के मुताबिक बीती 20 फरवरी की सुबह यूपी के हरदोई निवासी एक महिला (हाल निवास गणेश घाट मायापुर, हरिद्वाह) जिसका पति अब इस दुनिया में नहीं है, ने चौकी मायापुर में अपनी बच्ची के गुम होने की सूचना दी. सूचना के अनुसार दिनांक 19 फरवरी की रात्रि लगभग 09:00 बजे वह अपनी 02 वर्षीय पुत्री के साथ तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर सोई हुई थी. रात्रि लगभग 01:00 बजे जागने पर उनकी पुत्री मौके पर मौजूद नहीं मिली.

मां के पास सो रही बच्ची को चुरा लिया था: पीड़िता द्वारा परिजनों के साथ रात भर तलाश की गई, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चल पाया. प्राप्त शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तत्काल मुकदमा कर बच्ची की तलाश हेतु विभिन्न पुलिस टीमें गठित कर रवाना की गईं. सघन चेकिंग, मैनुअल पुलिसिंग एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन तेज की गई. 20 फरवरी को दिन में करीब दो बजे ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस अवस्था में पड़ी बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया.

पुलिस की सक्रियता से मिल गई बच्ची: इसके बाद बच्ची का मेडिकल कराया गया लेकिन मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट में बालिका के साथ किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि नहीं हुई. घटना के अनावरण हेतु गठित टीमों द्वारा 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. विवेचना के दौरान बच्ची के अपहरणकर्ता रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम, सोनी ज्वैलर्स के पास, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष की पहचान हुई. आरोपी की तलाश में निरंतर दबिश दी जाती रही. 22 फरवरी की रात में श्रीराम घाट के सामने पार्क के पास, नहर पटरी मायापुर क्षेत्र से आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.

बच्ची से भीख मंगवाना चाहता था नशेड़ी: एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि-

आरोपी ने जांच में खुलासा किया कि गया कि वह नशे का आदी है. उसने 19 फरवरी की रात्रि को तुलसी चौक से बालिका को उठाया और देवपुरा होते हुए एक घाट पर ले जाकर रुक गया. अगले दिन वह बालिका को अन्य शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाकर नशे के लिए धन अर्जित करने की योजना बना रहा था. ऋषिकुल तिराहे बस अड्डे पर पुलिस की सघन चेकिंग देखकर घबराकर वह बालिका को वहीं छोड़कर फरार हो गया. आरोपी के खिलाफ दर्ज मुक़दमे में पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है.
-अभय प्रताप सिंह, एसपी सिटी, हरिद्वार-

रुद्रपुर में चोर माल के साथ गिरफ्तार: इधर रुद्रपुर की कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रीत विहार में हुई लाखों की चोरी का खुलासा कर दिया है. रम्पुरा चौकी पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी और जेवरात बरामद किए हैं. आरोपी पहले भी चोरी और एनडीपीएस के मामलों में जेल जा चुका है.

Rudrapur thief arrested
बंद मकान में चोरी करने वाला गिरफ्तार (Photo courtesy- Rudrapur Police)

बंद मकान में की थी चोरी: पुलिस के अनुसार 25 जनवरी को प्रीत विहार निवासी शैलेश तिवारी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनके बंद मकान से हजारों रुपये की नकदी और कई लाख रुपये के जेवरात चोरी हो गए हैं. शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की विवेचना चौकी प्रभारी कवींद्र शर्मा को सौंपी गई.

Rudrapur thief arrested
चोरी के रुपए और मोबाइल बरामद (Photo courtesy- Rudrapur Police)

दर्जनों सीसीटीवी खंगालने के बाद मिली सफलता: एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए क्षेत्र में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए. शनिवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति एक मैदान में मौजूद है. सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

नशे के लिए की थी चोरी: पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन शर्मा पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश शर्मा निवासी रविंद्र नगर, थाना ट्रांजिट कैंप, हाल निवासी ट्रांजिट कैंप (किराएदार) बताया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया. बरामद सामान में पीली धातु की एक जोड़ी कान की बालियां (कुंडल), सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, एक कीपैड मोबाइल फोन, एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन (जो चोरी के पैसों से खरीदा गया था) तथा चोरी का माल बेचकर जुटाए गए 84 हजार रुपये नकद शामिल हैं.

Rudrapur thief arrested
चोरी के जेवर बरामद (Photo courtesy- Rudrapur Police)

चोरी में पहले भी 5 साल की सजा काट चुका है: पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली रुद्रपुर में चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं. वह चोरी के एक मामले में पांच वर्ष की सजा भी काट चुका है. फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: शर्मनाक! एक तरफ सड़क पर बिखरी थीं मां-बेटे की लाशें, दूसरी तरफ कार का टायर और LCD उड़ा ले गये चोर