आगरा में होली पर ड्रोन से निगरानी, पुलिस 60 जगह बैरियर लगाकर वाहनों की रफ्तार पर लगाएगी अंकुश
आगरा शहर में छह जोन और 18 सेक्टर में बांटा है. शहर में 300 से अधिक स्थानों पर पुलिस की स्थाई ड्यूटी लगाई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 6:55 AM IST
आगरा: आगरा कमिश्नरेट पुलिस ने होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. शहर में छह जोन और 18 सेक्टर में बांटा है. शहर में 300 से अधिक स्थानों पर पुलिस की स्थाई ड्यूटी लगाई है. हर थाने में दो मोबाइल व छह चीता मोबाइल पेट्रोलिंग करेंगी. इसके साथी ही शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगान को करीब 60 जगह जिग जैक बैरियर लगाए हैं. शहर में होलिका दहन के पहले से ही पुलिस सड़कों पर है.
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि एलआईयू की रिपोर्ट पर कमिश्नरेट के सिटी जोन, पूर्वी जोन और पश्चिमी जोन में पुलिस की ड्यूटियां लगाई हैं. तीनों जोन में बड़ी संख्या में पुलिस की स्थाई ड्यूटियां लगाई हैं.
इसके साथ ही एलआईयू एक्टिव है. हर थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि किसी विवाद को बड़ा रूप नहीं लेने दें. जनता से आग्रह है कि किसी को जरबन रंग नहीं लगाएं. होली अपने परिवार और पहचान वालों के साथ ही खेलें. इसके साथ ही होली पर पहली बार कई इलाकों में एंटी रोमियो स्क्वाड को भी तैनात किए हैं.
कोई रंग खेले तो उसे नहीं टोकें
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि होली पर हर जोन में डीसीपी खुद एक्टिव रहेंगे. इस बार होलिका दहन के बाद रंगों की होली के बीच एक दिन का गैप है. इसलिए, स्थाई रूप से पुलिस फोर्स तैनात किया है. सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि कोई रंग खेले तो उसे नहीं टोकें. पुलिस का काम है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना. इसका विशेष ध्यान रखें. कोई किसी को जबरन रंग नहीं लगाए. किसी सड़क को बंद करके युवक डांस नहीं करें. क्योंकि, यातायात सुचारु रखना भी पुलिस का काम है.
पांच मार्च को पुलिस खेलेगी होली
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि जिले में चार मार्च को जनता होली खेलेगी. इस दौरान पुलिस सुरक्षा में तैनात रहेगी. इसके बाद पुलिस की होली पांच मार्च को होगी. जिसमें पुलिस कर्मी होली खेलेंगे. इस दिन कमिश्नरेट के थाना-चौकियों के साथ ही पुलिस लाइन में होली पर विशेष इंतजाम कराए जाएंगे.
इन बातों का रखें ध्यान
● दोपहिया वाहन पर दो लोगों से ज्यादा नहीं चलें.
● दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाकर ही निकलें.
● सड़क से वाहनों पर गुजर रहे लोगों से अभद्रता नहीं करें.
● छतों से किसी पर रंग या पानी के गुब्बारे नहीं मारें.
● होली प्रेम का त्यौहार है, जबरन किसी को रंग नहीं लगाएं.
● परिवार और दोस्तों के साथ ही होली खेलें.
● अत्याधिक शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं.
● ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से नहीं उलझें.
● पुलिस पर जबरन रंग नहीं डालें.
● होली मिलें, तो सिर्फ गुलाल का टीका लगाएं.
● हर्बल रंगों से ही होली खेलें.
ये भी पढ़ें - वाराणसी: भांग, पान, ठंडई और संगीत के साथ रंगों में घुली बनारसी होली की बात ही अलग है

