फरीदाबाद में 48 घंटे बाधित रहेगी पेयजल आपूर्ति, दर्जनभर से ज्यादा कॉलोनियों पर पानी संकट का खतरा
फरीदाबाद के कई इलाकों में 29 जून से 1 जुलाई तक पेयजल आपूर्ति लगभग 48 घंटे बाधित रहेगी. रैनी वेल पाइपलाइन पर काम होगा.

Published : June 27, 2026 at 10:09 AM IST
फरीदाबाद: 29 जून से 1 जुलाई तक फरीदाबाद के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति लगभग 48 घंटे के लिए बाधित रहेगी. प्रशासन के मुताबिक बदरपुर क्षेत्र के पास रैनी वेल पाइपलाइन से जुड़े महत्वपूर्ण कनेक्शन कार्य किए जाएंगे. जिसके चलते जल आपूर्ति बाधित रहेगी.
48 घंटे बाधित रहेगी पेयजल आपूर्ति: फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) के अधिकारियों के अनुसार, रैनी वेल परियोजना की लाइन नंबर-2 को दूसरी पाइपलाइन से जोड़ने का तकनीकी कार्य किया जाएगा. ये काम जल वितरण व्यवस्था को अधिक मजबूत और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. इस प्रक्रिया के दौरान पाइपलाइन में पानी का प्रवाह बंद रखना आवश्यक होगा, इसलिए करीब दो दिन तक कई कॉलोनियों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पाएगी.

रैनी वेल परियोजना पर होगा काम: अधिकारियों ने बताया कि इस पाइपलाइन से शहर की आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियां जुड़ी हुई हैं. इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को 29 जून से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में पीने और घरेलू उपयोग का पानी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, ताकि सप्लाई बाधित रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
1 जुलाई तक चलेगा काम: FMDA का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कनेक्शन का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. यदि काम तय कार्यक्रम के अनुसार पूरा हो जाता है तो 1 जुलाई से जलापूर्ति को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया जाएगा. हालांकि, कुछ इलाकों में पानी का दबाव सामान्य होने में थोड़ा अतिरिक्त समय भी लग सकता है.
प्रशासन की लोगों से अपील: प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि "इस अवधि में पानी का उपयोग बेहद सोच-समझकर करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें. यदि किसी क्षेत्र में आपूर्ति सामान्य होने के बाद भी समस्या बनी रहती है, तो संबंधित विभाग के हेल्पलाइन या स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है. यह अस्थायी व्यवधान पाइपलाइन के आवश्यक तकनीकी कार्य के कारण किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भविष्य में शहर को बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था उपलब्ध कराना है."
ये भी पढ़ें- हरियाणा सरकार का खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा, राज्य की खेल ग्रेडेशन पॉलिसी में किया बदलाव

