ETV Bharat / state

लातेहार में जोरदार आवाज के साथ जमींदोज हुआ कुंआ, बाधित हुई पूरे गांव की पेयजल सप्लाई

लातेहार के नैना गांव में एक कुएं के जमीदोज होने से पेयजल आपूर्ति की समस्या खड़ी हो गई है.

Drinking water supply disrupted in Latehar
कुएं के जमीदोज होने के बाद बाधित हुई पेयजल सप्लाई (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 18, 2026 at 8:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लातेहार: प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नेतरहाट की तराई में बसे अत्यंत सुदूरवर्ती नैना गांव के ग्रामीणों के लिए 18 मई मुसीबत लेकर आई. सोमवार को गांव का एकमात्र कुंआ जोरदार आवाज के साथ अचानक जमीदोज हो गया. इसी एकमात्र कुएं से पूरे गांव में नल जल योजना के तहत पानी की सप्लाई की जाती थी.

गांव की पेयजल सप्लाई हुई बाधित

कुंआ ध्वस्त होने की वजह से गांव में पेयजल सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई है हालांकि घटना की जानकारी जब ईटीवी भारत के माध्यम से कार्यपालक अभियंता को दी गई तो उन्होंने इस पर त्वरित कार्रवाई करने की बात कही है.

नैना गांव में बाधित हुई पेयजल सप्लाई (Etv bharat)

नल जल योजना के तहत होती है जल आपूर्ति

दरअसल, नैना गांव में लगभग 50 परिवार निवास करते हैं. यहां की कुल आबादी लगभग 300 के आसपास होगी. प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर यह गांव विकास योजनाओं से वंचित है हालांकि सरकार द्वारा नल जल योजना के तहत यहां ग्रामीणों के घर में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यहां एक ग्रामीण के सरकारी कुएं में ही मोटर लगाकर सभी ग्रामीणों के घर में पानी आपूर्ति की जाती थी.

किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं

लेकिन सोमवार को अचानक कुंआ भर भराकर जमींदोज हो गया और पूरा कुआं मिट्टी से भर गया. यहां गनीमत रही कि जिस समय घटना हुई उस समय कुंआ के पास कोई पानी नहीं भर रहा था. यदि कुआं के पास कोई शख्स होता तो स्थिति काफी विकट हो सकती थी.

बूंद- बूंद पानी के लिए परेशान होते ग्रामीण

इधर, कुंआ ध्वस्त हो जाने के कारण गांव में नल जल योजना के माध्यम से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है. स्थानीय ग्रामीण महिला शकुंतला देवी, विमला देवी, मनीता देवी आदि ने बताया कि एकमात्र यही कुआं था, यहां से सभी लोगों को पानी मिलता था.

ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति की मांग

सोमवार को अचानक कुंआ ध्वस्त होकर पूरी तरह मिट्टी से भर गया. इस कारण कुंआ में लगाई गई मोटर एक ग्रामीण का डीजल पंप, बाल्टी आदि सामग्री भी मिट्टी में दफन हो गई. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव में पेयजल आपूर्ति को फिर से बहाल करने के लिए तत्काल कम से कम एक बोरिंग कर दी जाए.

पेयजल विभाग के अभियंता ने कहा, होगी त्वरित कार्रवाई

घटना के संबंध में जब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार महतो से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बात है तो मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि संबंधित कनीय अभियंता को तत्काल मामले की जांच के लिए भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें- गढ़वा में पेयजल की समस्या को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, एनएच 343 को किया जाम

देवघर नगर निगम में गहराया जल संकट, कई वार्ड बने ड्राई जोन, टैंकरों के सहारे सप्लाई

धनबाद में भीषण गर्मी से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, जल संकट से निपटने की तेज हुई तैयारी