ETV Bharat / state

धमतरी के बलियारा गांव में पेयजल संकट, महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई गुहार

बलियारा गांव में दो वार्डों में करीब 200 घर पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं. अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह ने जांच की बात कही.

DRINKING WATER CRISIS
धमतरी के बलियारा गांव में पेयजल संकट, महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई गुहार (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : January 8, 2026 at 3:52 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धमतरी: जिले के बलियारा गांव में इन दिनों पेयजल संकट बना हुआ है. गांव के वार्ड क्रमांक 9 और 10 में करीब 200 घरों के लोग पानी की समस्या से परेशान हैं. निस्तारी के लिए तालाब मौजूद है, लेकिन पीने के पानी के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है.

महिलाओं ने कलेक्टर से लगाई गुहार: पानी की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने बताया कि गांव में लगे नल-जल योजना के तहत घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है. बिना पानी के रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो गया है और पिछले दो महीनों से स्थिति और भी खराब हो गई है.

बलियारा गांव में दो वार्डों में करीब 200 घर पानी की किल्लत से जूझ रहे (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

हैंडपंप हटाने से बढ़ी परेशानी: ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड 9 और 10 में पिछले 20 वर्षों से हैंडपंप लगा था, लेकिन जलस्तर गिरने के कारण वह बंद हो गया था. इसके बाद पूर्व पंचायत ने मोटर पंप लगाकर पानी की व्यवस्था की थी. आरोप है कि वर्तमान पंचायत के सरपंच और उपसरपंच ने बिना पंचायत प्रस्ताव के मोटर पंप हटाकर फिर से हैंडपंप लगा दिया. अब हैंडपंप से गंदा पानी निकल रहा है, जो पीने योग्य नहीं है. इसकी जानकारी पंचायत को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

हमें पीने के पानी की समस्या है, नाली भी नहीं है. दो महीने से हम बहुत परेशान हैं.- तुलसी सेन, ग्रामीण

पहले अच्छा पानी सप्लाई होता था, लेकिन मोटर पंप निकाल दिया गया. हर घर नल जल योजना का भी बुरा हाल है, किसी के घर पानी नहीं आता.- रामकुमार ध्रुव, पूर्व सरपंच

प्रशासन ने दिया समाधान का आश्वासन: ग्रामीणों की शिकायत पर अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने कहा कि पहले जांच कराई जाएगी और इसके लिए PHE विभाग या जनपद CEO को पत्र भेजा जाएगा. पंचायत से भी चर्चा कर जल्द समस्या का समाधान निकाला जाएगा.

जल्द समाधान की उम्मीद: प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही बलियारा गांव में पेयजल की समस्या दूर होगी और लोगों को राहत मिलेगी.

धमतरी में सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद, फुटकर बनाम स्थायी दुकानदारों के बीच लड़ाई
कहीं दुर्ग में न हो जाए इंदौर जैसी घटना, भिलाई में नालियों के ऊपर से गुजरा पाइपलाइन
इंदौर की घटना के बाद दहशत में बैकुंठपुर के लोग, ड्रेनेज सिस्टम से होकर घरों तक पहुंचा वाटर पाइपलाइन