ETV Bharat / state

हिमाचल की डॉक्टर बेटी बनीं यूएमबी मिस इंडिया, नेत्र सर्जन के तौर पर दे रही सेवाएं

डॉ. प्रिया कपिला ने डॉक्टरी के साथ-साथ राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने यूएमबी मिस इंडिया का खिताब अपने नाम किया है.

डॉ. प्रिया कपिला  बनीं यूएमबी मिस इंडिया
डॉ. प्रिया कपिला बनीं यूएमबी मिस इंडिया (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 23, 2025 at 7:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: देवभूमि हिमाचल प्रदेश की एक प्रतिभाशाली डॉक्टर बेटी प्रिया कपिला ने चिकित्सा सेवा के साथ-साथ राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी खास पहचान बनाते हुए यूएमबी मिस इंडिया का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है. इस कार्यक्रम का फिनाले राजस्थान के जयपुर में आयोजित किया गया, जिसमें हिमाचली बेटी को यह सम्मान प्राप्त हुआ है.

दरअसल वर्तमान में डॉ. प्रिया कपिला पालमपुर स्थित रोटरी आई हॉस्पिटल में कंसल्टेंट आई सर्जन (आप्थाल्मालॉजिस्ट) के रूप में सेवाएं दे रही हैं. वो प्रतिदिन नेत्र रोगियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रही हैं. चिकित्सकीय सेवा के साथ-साथ उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि एक प्रोफेशनल महिला अपनी पहचान सीमाओं से परे भी बना सकती है. देशभर से आई करीब 1300 एंट्रीज में से केवल 111 प्रतिभागियों को फिनाले तक पहुंचने का अवसर मिला. इसके बाद विभिन्न श्रेणियों में 20 प्रतिभागियों को शॉर्टलिस्ट किया गया. प्रतियोगिता का अंतिम चरण सवालों पर आधारित रहा, जिसमें जजों ने प्रतिभागियों की सोच, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को परखा.

नेहा धूपिया समेत बड़ी हस्तियां रहीं जज

इस निर्णायक दौर में जज पैनल में शामिल जानी-मानी अभिनेत्री नेहा धूपिया सहित अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों ने प्रतिभागियों से सवाल किए. प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अविवाहित, विवाहित और अलग रह रहीं महिलाएं भी शामिल थीं. कड़े मुकाबले और कठिन सवाल -जवाब दौर के बाद, प्रतिभागी ने मिस कैटेगरी में खिताब अपने नाम कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की. यह जीत न केवल उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि उन महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो किसी भी परिस्थिति में अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं.

डॉ. प्रिया कपिला  बनीं यूएमबी मिस इंडिया
डॉ. प्रिया कपिला बनीं यूएमबी मिस इंडिया (ETV Bharat)

क्या है यूएमबी पेजेंट्स प्रतियोगिता

बता दें कि यूएमबी पेजेंट्स भारत का सबसे बड़ा और सबसे समावेशी सौंदर्य मंच है, जो हर आकार, रंग, उम्र और वैवाहिक स्थिति की महिलाओं का सम्मान करता है. इसमें चार विशेष श्रेणियां हैं—मिस, सुश्री, श्रीमती और एलीट श्रीमती.

तीनों बेटियां उच्चे पदों पर काबिज

डॉ. प्रिया कपिला का पारिवारिक पृष्ठभूमि भी अत्यंत प्रेरक रही है. उनके पिता डॉ. रतन चंद कपिला, उप निदेशक, निदेशालय स्वास्थ्य सेवाएं हिमाचल प्रदेश के पद से सेवानिवृत हुए हैं. उनकी माता एच. कपिला उप निदेशक, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के पद से सेवानिवृत हुई हैं. तीन बहनों में सबसे छोटी डॉ. प्रिया कपिला की बड़ी बहन डॉ. मनीषा कपिला एक प्रतिष्ठित डेंटल सर्जन हैं, जबकि मंझली बहन गीतिका कपिला हिमाचल प्रदेश में न्यायिक अधिकारी (एसीजेएम) के पद पर कार्यरत हैं. ये खिताब जीतकर डॉ. प्रिया कपिला ने यह संदेश दिया है कि सौंदर्य के साथ-साथ प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और समाज सेवा भी किसी मंच पर उतनी ही महत्वपूर्ण होती है.

ये भी पढ़ें: NIT हमीरपुर दीक्षांत समारोह में 1299 स्टूडेंट्स को मिली डिग्रियां, सांसद अनुराग ठाकुर ने छात्रों से किया ये आह्वान