'रोल मॉडल’ बयान पर दीपेंद्र हुड्डा को डॉ. अर्चना गुप्ता का जवाब, बोलीं- 'सिखों की पीड़ा नहीं भूल सकते'
पानीपत में मीडिया विभाग और एससी मोर्चा की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को 2029 का जीत मंत्र दिया.

Published : August 24, 2026 at 2:57 PM IST
पानीपत: हरियाणा भाजपा ने वर्ष 2029 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं. संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रदेश भाजपा की ओर से लगातार विभिन्न विभागों और मोर्चों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं. इसी कड़ी में पानीपत में भाजपा के मीडिया विभाग और एससी मोर्चा की बैठक आयोजित हुई. बैठक में प्रदेश के वक्ताओं, पैनलिस्टों और जिला मीडिया प्रभारियों सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. संगठन को मजबूत करने और आगामी समय में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

‘रोल मॉडल’ बयान पर कांग्रेस पर निशाना: कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा द्वारा 1984 के दंगों से जुड़े एक व्यक्ति को कथित तौर पर ‘रोल मॉडल’ बताए जाने के मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि "1984 के दंगों में सिख समाज के साथ जो अत्याचार और हत्याएं हुईं, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता है." डॉ. अर्चना ने कहा कि "कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने इस मुद्दे पर चिट्ठी लिखकर बिल्कुल सही सवाल उठाया है."
'सिख समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है': उन्होंने कहा कि "जिस व्यक्ति को उम्रकैद की सजा मिली हो, वह किसी के लिए रोल मॉडल कैसे हो सकता है. उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि "कुलदीप शर्मा की ओर से उठाया गया मुद्दा गंभीर है. सिख समाज देश और धर्म की रक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है."

दंगों के आरोपी को रोल मॉडल बताया जाना बेहद गंभीर: "गुरु साहिबानों ने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया. सिख समाज को अपना अभिन्न अंग बताते हुए उन्होंने कहा कि "उनके साथ हुए अत्याचार और हत्याओं की पीड़ा को भुलाया नहीं जा सकता है. ऐसे में दंगों के किसी आरोपी को रोल मॉडल बताया जाना बेहद गंभीर विषय है और इससे सिख समाज की भावनाएं आहत होती हैं."
संगठन को नीचे तक मजबूत करने पर बलः हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि "संगठन को मजबूत करने के लिए अलग-अलग विषयों और विभागों की बैठकें की जा रही हैं. मीडिया विभाग की बैठक में प्रदेश की पूरी टीम, वक्ताओं, पैनलिस्टों और जिलों के मीडिया प्रभारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई. इसके बाद एससी मोर्चा की प्रदेश बैठक भी आयोजित की गई, ताकि संगठन का काम नीचे तक मजबूती से पहुंचे."
2029 के चुनाव की तैयारियां शुरूः उन्होंने कहा कि "2029 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं. नए संगठन के गठन के बाद कार्यकर्ताओं के बीच काम का विभाजन किस प्रकार किया जाए और संगठन को किस तरह अधिक प्रभावी बनाया जाए, इस पर लगातार मंथन हो रहा है. केंद्रीय नेतृत्व से मिलने वाले दिशा-निर्देशों को कार्यकर्ताओं और जिला स्तर तक पहुंचाने के लिए बैठकों का दौर जारी है."
संजय भाटिया के राष्ट्रीय महामंत्री बनने से हरियाणा को लाभः भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वह मजबूत कार्यकर्ता हैं और अब राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने हैं. उनका अनुभव और मार्गदर्शन हरियाणा के कार्यकर्ताओं और संगठन को भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उनकी नई जिम्मेदारी से प्रदेश भाजपा को निश्चित तौर पर मजबूती मिलेगी.

