ETV Bharat / state

दिल्ली के गोविंदपुरी में डबल मर्डर, मां-बेटे की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

गोविंदपुरी में डबल मर्डर
गोविंदपुरी में डबल मर्डर (फाइल फोटो)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : May 21, 2026 at 10:11 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: साउथ ईस्ट दिल्ली के गोविंदपुरी थाना इलाके में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने मां और उसके बेटे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी और लूटपाट को अंजाम देकर फरार हो गए. मृतका की पहचान 40 वर्षीय शारदा और उसके 14 वर्षीय बेटे खुशहाली के रूप में हुई है. घटना का पता तब चला जब महिला का पति बाजार से वापस लौटा तो उसने किचन में अपनी पत्नी और बेटे को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा.

किचन में मिली लाशें

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना दक्षिण पूर्वी जिले के गोविंदपुरी इलाके की गली नंबर 10 में हुई. बुधवार देर रात लगभग 12:30 बजे आरोपियों ने मां और बेटे पर हमला किया. हमलावरों ने दोनों की चाकू मारकर हत्या कर दी और मौके से तिजोरी से 10 से 12 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भिजवा दिया है.

गोविंदपुरी में डबल मर्डर (ETV Bharat)

पति को बाजार से लौटते ही मिला शव

बताया जा रहा है कि मृतक महिला का पति एक सब्जी व्यापारी है और साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाता है. परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला है और पिछले 15 सालों से गोविंदपुरी में रह रहा है. मृतका के रिश्तेदार सुरेश ने बताया कि उनका भाई (मृतका का पति) हर शाम मंडी चला जाता है और रात में 12 बजे तक घर वापस आता है. बुधवार देर रात जब वह घर पहुंचा तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि उसकी पत्नी और बेटे का गला काटकर किचन में छोड़ दिया गया है और दोनों की मौत हो चुकी है. आरोपियों ने घर की तिजोरी का सारा सामान, ज्वेलरी और कैश लूटकर फरार हो गए.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. डीसीपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें :

ग्रेटर नोएडा में 50 लाख के लिए विवाहिता की हत्या! दहेज मांगने के आरोप में पति और ससुर गिरफ्तार

त्विशा शर्मा-दीपिका नागर दहेज हत्या मामले पर कंगना रनौत का आया बयान, युवा महिलाओं को दी ये बड़ी सलाह