समस्तीपुर में डबल मर्डर, पति-पत्नी की चाकू गोदकर हत्या
समस्सीपुर में डबल मर्डर की घटना सामने आयी है. पति-पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी है.

Published : August 25, 2026 at 12:30 PM IST
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गयी. विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा पटपारा में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेले रह रहे 70 वर्षीय बंगाली दास और उनकी 65 वर्षीय पत्नी धनमा देवी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी.
घटना को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे रोज की तरह एक दूधवाला बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचा. उसने घर के बाहर से बंगाली दास और धनमा देवी को काफी आवाजें लगाईं. परंतु, अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और न ही काफी देर तक मुख्य दरवाजा खुला.
पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा: दूधवाले की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी वहां इकट्ठा हो गए. काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा. दरवाजा टूटते ही अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए.
कमरे में पड़ा था शव: कमरे के अंदर 70 वर्षीय बंगाली दास का शव चौकी पर पड़ा था. उनकी 65 वर्षीय पत्नी धनमा देवी का शव फर्श पर पीठ के बल पड़ा हुआ था. दोनों के शरीर पर धारदार हथियार और चाकू के गहरे जख्म थे. लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी.
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
अकेले रहते थे दंपती: पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दंपती घर में बिल्कुल अकेले रहते थे. उनके तीन बेटे राम विनोद, राम आशीष और राम सिंह रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं. वहीं, दंपती की दोनों बेटियों का विवाह पहले ही हो चुका है.
"पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट सहित सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्यारे रात में घर में कैसे दाखिल हुए और घटना को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए." -सुनील कुमार झा, थानाध्यक्ष, विभूतिपुर
ये भी पढ़ें:

