फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 12 यात्री घायल
डबल डेकर बस हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी शिकोहाबाद भेजा गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:22 AM IST
फिरोजाबाद: यूपी के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. लखनऊ से कश्मीरी गेट दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी शिकोहाबाद भेजा गया है.
बता दें कि यह मामला जनपद के नसीरपुर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 55-56 के बीच हुआ.लखनऊ से नई दिल्ली जा रही बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गयी. हादसे से मौके पर चीखपुकार मच गयी.
प्रभारी निरीक्षक थाना नगला खंगर ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को प्रातः करीब तीन बजे कॉलर द्वारा यूपी-112 पर सूचना दी गई कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 55-56 के बीच एक बस पलट गई है. सूचना मिलते ही थाना नसीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची.
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पाया कि बस संख्या AR 11 F 6677, जो लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 55.7, थाना क्षेत्र नसीरपुर के अंतर्गत डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई.
बस में लगभग 45 यात्री सवार थे.हादसे में 11-12 यात्रियों को चोटें आईं है. पुलिस और राहत टीम की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिकोहाबाद भेजा गया.
घटना के बाद बस को सड़क किनारे हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे यातायात सुचारू बना रहे.पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है.
घायलों के नाम
मोहम्मद सरतार पुत्र मोहम्मद नईम, निवासी गोशाईगंज थाना कासिमपुर, जिला हरदोई, प्रदुमन बाजपेयी पुत्र बलराम बाजपेयी, निवासी लखनऊ, दामिनी वर्मा, निवासी लखनऊ, दिवांश पुत्र संदीप, निवासी लखनऊ, देवेन्द्र पुत्र गुरमीत, निवासी पंजाब, सुधीरपाल पुत्र रामधनपाल, निवासी पंजाब, गंगा पुत्र रामशरणपाल, कृष्ण कुमार पुत्र बनवारीलाल, निवासी प्रतापगढ़, शिवम गुप्ता पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी प्रतापगढ़, धीरेन्द्र प्रताप पुत्र रामदेव, निवासी मकान नंबर 57, आलोक नगर, लखनऊ, स्वेता पुत्री पारसनाथ, निवासी वामनेश कॉलोनी, महानगर, लखनऊ, पीयूष मिश्रा पुत्र ब्रजभूषण मिश्रा, निवासी प्रतापगढ़ है.
थाना नसीरपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्राथमिक जांच में बस का डिवाइडर से टकराना हादसे का कारण सामने आया है. मामले की जांच कर विधिक कार्यवाही की जा रही है.
ये भी पढ़ें - मुजफ्फरनगर, औरैया और फिरोजाबाद में भीषण दुर्घटनाएं; 3 लोगों की मौत, 26 घायल

