ETV Bharat / state

Watch: डीएनटी समुदाय के महापड़ाव ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर पथराव, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच कर रहे घुमंतु, अर्ध घुमंतु जाति के लोगों को पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर रोका.

Stones pelted at the police
पुलिस पर किया पथराव (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 1, 2026 at 7:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: 10 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में महापड़ाव पर बैठे घुमंतु, अर्ध घुमंतु जातियों का आंदोलन ने बुधवार शाम को उग्र रूप ले लिया और पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की. जवाब में पुलिस ने भी जमकर लाठी बरसाई और आंसू गैस के गोले छोड़े. दोनों तरफ से करीब 20 मिनट तक पत्थरबाजी होती रही.

पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने जमकर आंसू गैस के गोले छोड़े. हालांकि लोगों की ओर से किए गए पथराव में कई पुलिस कर्मियों के भी हल्की छोटे लगी हैं. इधर घुमंतु, अर्ध घुमंतु जातियों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए एसटीएफ का अतिरिक्त जाब्ता मंगाया गया है.

पुलिस पर पथराव, आंसू गैस के गोले छोड़े (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: 10% आरक्षण की मांग : डीएनटी समुदाय के महापड़ाव में बवाल, लोगों ने पुलिस पर जमकर किया पथराव

एकाएक टकराव से लोग भी दहशत में: वहीं एकाएक हुए टकराव से आसपास रहने वाले विद्याधर नगर के लोग भी दहशत में हैं. लोग छतों से पूरा मंजर देखते रहे. इससे पहले घुमंतु, अर्ध घुमंतु जातियों के प्रतिनिधिमंडल की सरकार से वार्ता विफल रही. सरकार की तरफ से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुलदीप रांका ने बातचीत की थी, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही.

Protesters seen attacking the police
पुलिस पर हमलावर होते दिखे प्रदर्शनकारी (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: 10 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर कल डीएनटी जातियों का महापड़ाव, उग्र आंदोलन का अल्टीमेटम

डीसीपी बोले, 'भीड़ ने स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया': वहीं घुमंतु, अर्ध घुमंतु जातियों की ओर से पुलिस पर किए गए पथराव के बाद पुलिस ने भी जमकर लाठी चार्ज किया और भीड़ को आंसू गैस छोड़कर खदेड़ा. लाठी चार्ज और पथराव की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने मौके का जायजा लिया और पुलिस का अतिरिक्त जाता विद्याधर नगर स्टेडियम के आसपास तैनात किया. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए करण शर्मा ने कहा कि घुमंतु, अर्ध घुमंतु जातियों का विद्याधर नगर स्टेडियम में महापड़ाव चल रहा था. इनके प्रतिनिधिमंडल से भी हमने सरकार से वार्ता करवाई थी. वार्ता भी काफी सकारात्मक हुई थी. उसके बाद यह लोग उग्र हुए. हमने यहां बैरिकेड्स लगा रखे थे, उन्होंने बैरिकेड्स तोड़ने का काम किया. कुछ स्थानीय लोगों के साथ बदतमीजी की और जब उन्हें मना किया, तो उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया. उसके बाद हल्का लाठी चार्ज करके उन्हें खदेड़ा गया. डीसीपी ने कहा कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. भीड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर विचार कर रहे हैं.

protesters positioned themselves before stone-pelting
पथराव से पहले यूं जमे प्रदर्शनकारी (ETV Bharat Jaipur)

10 प्रतिशत की मांग: घुमंतु एवं अर्ध घुमंतु जातियों के प्रदेशाध्यक्ष रतननाथ कालबेलिया ने कहा कि हमारी सीधी मांग यही है कि हमारी जातियों को 10% आरक्षण दिया जाए. हमारे जो लोग जहां बैठे हैं, वहीं पर स्थाई आवास का पट्टा दिया जाए. हमारी जातियों के नाम के आगे जो विसंगति है, उन्हें तुरंत दूर किया जाए. इन्हीं 11 सूत्री मांगों को लेकर हम पिछले दो साल से आंदोलन कर रहे हैं. अगर सरकार हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है तो हम उग्र आंदोलन करेंगे. इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी.