ETV Bharat / state

अब अलीगढ़ में 33 अफसरों का वेतन रुका, DM का एक्शन

इससे पहले फर्रुखाबाद की डीएम ने जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर की थी कार्रवाई.

अलीगढ़ में डीएम का एक्शन.
अलीगढ़ में डीएम का एक्शन. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 30, 2026 at 8:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़ : जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिले के 33 अफसरों पर गाज गिरी है. डीएम अविनाश ने आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) के तहत आने वाली शिकायतों के निस्तारण में कोताही सामने आने पर 33 अधिकारियों के वेतन पर तत्काल रोक लगा दी है.

जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक का विस्तृत आकलन किया. इसमें पाया गया कि 33 अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण किए जाने के बावजूद 50 प्रतिशत से कम मामलों में ही शिकायतकर्ताओं ने संतोषजनक प्रतिक्रिया दी है. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने सख्त कदम उठाया और सभी संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए.

डीएम अविनाश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि यदि अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो वेतन रोक जारी रहेगी और आगे विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि आईजीआरएस केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह जनता की समस्याओं के समाधान और प्रशासन की जवाबदेही का महत्वपूर्ण माध्यम है. इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.

समीक्षा में यह भी सामने आया कि 57 अधिकारियों का संतोषजनक फीडबैक 60 प्रतिशत से भी कम है. इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि इन सभी अधिकारियों की अलग से विस्तृत समीक्षा की जाए और सुधार सुनिश्चित कराया जाए.

निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी की ओर से 57 अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक भी की गई. बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और संवेदनशीलता जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि कम से कम 70 प्रतिशत मामलों में शिकायतकर्ता संतुष्ट हों. सीडीओ योगेंद्र कुमार ने यह भी कहा कि भविष्य में यदि किसी अधिकारी का फीडबैक 70 प्रतिशत से कम पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: यूपी में इन दो महीनों में ही क्यों आते हैं आंधी-तूफान? मौसम के कहर के पीछे क्या है कारण... पढ़िए रिपोर्ट