श्रावस्ती के सिरसिया सचिवालय की हालत देख भड़कीं डीएम, ग्राम सचिव नहीं दे पाए सवालों का जवाब, किया सस्पेंड
सचिवालय परिसर में गंदगी, कार्यालय की फाइलें अव्यवस्थित मिलने और योजनाओं से जुड़े अभिलेखों में अनियमितताएं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 5:20 PM IST
श्रावस्ती : विकास खंड सिरसिया स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय का जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शुक्रवार शाम औचक निरीक्षण किया. सचिवालय परिसर में गंदगी, कार्यालय की फाइलें अव्यवस्थित मिलने और योजनाओं से जुड़े अभिलेखों में अनियमितताएं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ग्राम सचिव कृष्ण कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए.
जिलाधिकारी ने सचिवालय परिसर, संचालित योजनाओं और अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया. कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली, जबकि अधिकांश पत्रावलियां बिखरी और अव्यवस्थित पाई गईं. उन्होंने नियमित साफ-सफाई कराने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए. अभिलेखों के रखरखाव में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता की आशंका भी सामने आई.
जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों की समीक्षा के दौरान पता चला कि कई प्रमाण-पत्र तैयार होने के बावजूद लाभार्थियों को जारी नहीं किए गए थे. वहीं ग्राम पंचायत की कूड़ा उठान गाड़ी पिछले दो माह से खराब पड़ी मिली. जिलाधिकारी ने इस पर भी नाराजगी जताते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों और टेंडर प्रक्रिया की भी जानकारी ली, लेकिन ग्राम सचिव संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.
इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत के अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण किया. यहां निर्माण कार्यों पर हुई लागत और भुगतान के संबंध में ग्राम सचिव तथा प्रधान प्रतिनिधि स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके. इस पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए ग्राम सचिव कृष्ण कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि शासन की योजनाओं के संचालन और निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता या अनियमितता पाई गई तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : बहराइच में टैंकर पलटा, ग्रामीण बाल्टी-डिब्बे में भरकर ले गए डीजल, डंपर से हुई थी आमने-सामने टक्कर

