ETV Bharat / state

फर्रुखाबाद में अवैध मिट्टी और बालू खनन के खिलाफ छापेमारी, जुर्माना

फर्रुखाबाद में जीरो टॉलरेंस की नीति, खनन नियमों का उल्लंघन, अवैध परिवहन के जुर्म में ऑनलाइन नोटिस निर्गत, जुर्माना वसूला.

अवैध मिट्टी और बालू खनन के खिलाफ की छापेमारी
अवैध मिट्टी और बालू खनन के खिलाफ की छापेमारी (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 3, 2026 at 12:42 PM IST

|

Updated : May 3, 2026 at 2:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी के निर्देशन में उपखनिज के अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए निरंतर एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन द्वारा इस संबंध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है, जिसके अंतर्गत संबंधित विभागों को नियमित निगरानी कर सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.

जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद, खनन माफियाओं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिला सूचना विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 02 मई को थाना नवाबगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गनीपुर जोगपुर में खनन अधिकारी द्वारा औचक छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान एक डंपर, जो गिट्टी से लदा हुआ था को रोककर उसकी सघन जांच की गई. जांच के दौरान वाहन चालक सोनू से परिवहन संबंधी वैध प्रपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया. वह कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका.

प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त वाहन द्वारा गिट्टी का परिवहन बिना वैध परिवहन प्रपत्र के किया जा रहा था, जो कि खनन नियमों का उल्लंघन है. इस पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए संबंधित के विरुद्ध अवैध परिवहन के जुर्म में ऑनलाइन नोटिस निर्गत किया गया व नियमानुसार 55,780 का जुर्माना मौके पर ही वसूल किया गया.

जिलाधिकारी ने इस कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा न जाए. इस प्रकार की गतिविधियां न केवल राजस्व की हानि करती हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन को भी प्रभावित करती हैं. संबंधित विभाग पूरी सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें.

उन्होंने खनन विभाग, पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं आकस्मिक छापेमारी की जाए. अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए. साथ ही, सभी प्रवर्तन कार्रवाइयों को और अधिक सघन एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष बल दिया जाए.


प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचित करें. नागरिकों के सहयोग से ही इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है.


जनपद प्रशासन कानून व्यवस्था एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आगे भी कठोर निरंतर कार्रवाई जारी रखी जाएगी.

यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद आपूर्ति विभाग का एक्शन; एक मकान से विभिन्न कंपनियों के सिलिंडरों का जखीरा पकड़ा

यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद डीएम का एक्शन; 3 लेखपालों का वेतन रोकने, 2 को भूलेख कार्यालय से अटैच करने का निर्देश

Last Updated : May 3, 2026 at 2:07 PM IST