ETV Bharat / state

5 और कोचिंग सेंटर सील, लखनऊ अग्निकांड के बाद उत्तराखंड में एक्शन तेज

जिला प्रशासन ने हल्द्वानी में पांच कोचिंग सेंटर सील कर दिए. इससे पहले 7 कोचिंग सेंटर सील किए थे. प्रशासन का एक्शन जारी है.

Haldwani Coaching Centre Centre
लखनऊ अग्निकांड के बाद हल्द्वानी में प्रशासन का एक्शन जारी (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 28, 2026 at 12:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के कई कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान पांच कोचिंग सेंटरों में फायर एनओसी, आपातकालीन निकास और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों का अभाव मिलने पर उन्हें तत्काल सील कर दिया गया. इससे पहले भी सात कोचिंग सेंटरों पर इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है.

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद हल्द्वानी में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है. प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं.

निरीक्षण में पाया गया कि कई संस्थान बिना फायर एनओसी के संचालित हो रहे थे. इतना ही नहीं, भवनों में आपातकालीन निकास यानी इमरजेंसी एग्जिट की भी व्यवस्था नहीं थी, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था. सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विजन फ्यूचर, कुमाऊं डिफेंस, पार्क स्क्वायर, विजन फ्यूचर की दूसरी शाखा और कृष्णा आईएएस एवं डिफेंस एकेडमी को सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

प्रशासन का कहना है कि सभी कोचिंग संस्थानों को निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है. फायर सुरक्षा, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, आपातकालीन निकास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही संस्थानों को संचालन की अनुमति दी जाएगी.

गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रशासन सात कोचिंग सेंटरों को नियमों के उल्लंघन के कारण सील कर चुका है. लगातार हो रही इस कार्रवाई से साफ है कि बिना आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों के संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. प्रशासन ने अन्य कोचिंग संचालकों को भी समय रहते सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी है.

ये भी पढ़ें: हल्द्वानी में फायर सेफ्टी को ठेंगा! प्रशासन ने 7 कोचिंग सेंटरों पर जड़े ताले