MOCK DRILL: झालावाड़ में 'टेरर अटैक', बच्चों को 'बंधक' बनाया...चार 'आतंकी' ढेर और एक को जिंदा पकड़ा
खेल संकुल में पांच 'आतंकियों' के कुछ बच्चों को 'बंधक' बनाने की खबर प्रसारित की गई. कंट्रोल रूम से सभी विभागों को अलर्ट भेजा.

Published : June 22, 2026 at 3:06 PM IST
झालावाड़: खेल संकुल में सोमवार को पांच 'आतंकियों' के घुसने और बच्चों को 'बंधक' बनाने की खबर से जिला प्रशासन के 'होश' उड़ गए. आनन फानन में जिला एवं पुलिस प्रशासन के वाहन घटनास्थल पहुंचे. जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को भी सूचना दी. इसके बाद ऑपरेशन क्लिप स्वीप शुरू किया गया. खेल संकुल स्थित क्रिकेट ग्राउंड की पवेलियन में छुपे 'आतंकियों' की पुलिस के विशेष कमांडो दस्ते ने घेराबंदी की. पहले 'आतंकियों' से बच्चों को छोड़ने की अपील की. जब 'आतंकियों' ने बात नहीं मानी तो कमांडो ने कार्रवाई की. इस बीच प्रशासन के घटना को मॉक ड्रिल बताने से कमांडो ने राहत की सांस ली. कार्रवाई में चार 'आतंकियों' को मौके पर ढेर कर दिया गया, जबकि एक 'आतंकी' को जिंदा पकड़ा. यह यहां सोमवार को हुए मॉक ड्रिल का नजारा था.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकारों से मिले निर्देश के बाद समय-समय पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था परखने को ऐसी मॉक ड्रिल की जाती रही है. सोमवार को खेल संकुल की पवेलियन में पांच 'आतंकियों' के कुछ बच्चों को 'बंधक' बनाने की खबर प्रसारित की. इसके बाद कंट्रोल रूम से सभी विभागों को अलर्ट भेजा.
पढ़ें: Mock Drill : भिवाड़ी जिला अस्पताल में आतंकवादी हमला, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने दिखाई तत्परता

एसपी अमित ने बताया कि आतंकी हमले के अलर्ट पर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी एवं विशेष कमांडो दस्ता पहुंचा. 'टेररिस्ट' की लोकेशन को ट्रैप करते हुए ऑपरेशन क्लीन स्वीप शुरू किया गया. इसमें पहले 'आतंकियों' से बंधक बच्चों को सकुशल छोड़ने की अपील की. इस बीच बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते ऑपरेशन शुरू किया गया. इसमें 'आतंकियों' के आसपास आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद पवेलियन का लॉक तोड़ कमांडो अंदर घुसे. बच्चों को सकुशल छुड़ाया. एसपी ने बताया कि इस तरह का ऑपरेशन जिला प्रशासन की सुरक्षा तैयारियों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की क्षमता का परीक्षण करने के उद्देश्य से किए जाते हैं.

पढ़ें: बूंदी में मॉक ड्रिल: बस स्टैंड पर 'एयर स्ट्राइक', सूचना पर दौड़ा प्रशासन, परखा आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम

