ETV Bharat / state

'पहले बल्लेबाजी कौन करेगा' के झगड़े ने ली 15 वर्षीय की जान, तीन नाबालिगों ने बैट से पीट-पीटकर की हत्या

मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था. उसके पिता इलाके में चाय की दुकान चलाते हैं. बेटे की असमय मौत से कोहराम मचा हुआ है.

क्रिकेट विवाद बना जानलेवा
क्रिकेट विवाद बना जानलेवा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : February 25, 2026 at 12:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया. वुडलैंड पार्क में पहले बल्लेबाजी को लेकर हुई कहासुनी के बाद तीन नाबालिगों ने मिलकर 15 वर्षीय किशोर की बैट से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम वुडलैंड पार्क में क्रिकेट खेलते समय 15 वर्षीय किशोर और 12 वर्षीय बच्चे के बीच पहले बल्लेबाजी करने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. पार्क में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया, जिसके बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए.

आरोप है कि 12 वर्षीय बच्चे ने घर जाकर झगड़े की जानकारी दी. इसके बाद वह अपने दो चचेरे नाबालिग भाइयों, जिनकी उम्र 13 और 17 वर्ष बताई गई है. उन लोगों के साथ किशोर की तलाश में निकल पड़ा. आरोप है की शाम को तीनों ने मिलकर किशोर को घेर लिया और क्रिकेट बैट से उसके सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए. गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी हमलावर उस पर हमला करते रहे.

इसी दौरान आसपास के लोगों को आता देख तीनों मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था. उसके पिता इलाके में चाय की दुकान चलाते हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त डी. शरद भास्कर ने बताया कि मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. केस दर्ज कर आरोपित नाबालिगों को पकड़ लिया गया है. पुलिस आगे की जांच में जुटी है.