पाकुड़ में दो गुटों के बीच विवाद, जमकर हुई मारपीट और बमबाजी
पाकुड़ में पिकनिक मनाने के दौरान दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Published : January 2, 2026 at 8:09 PM IST
पाकुड़: जिले के सदर प्रखंड के झीकरहट्टी गांव में आपसी विवाद में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक दूसरे पर देसी बम से हमला किया गया. इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है. इधर मामले की जानकारी मिलते ही दोनों गुट पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गए.
पिकनिक मनाने के दौरान हुआ दो पक्षों में विवाद
जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी की देर शाम पिकनिक मना रहे दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों गुट के बीच मारपीट शुरू हो गई. इस बीच दोनों पक्षों में बमबाजी होने लगी. बमबाजी से पिकनिक स्पॉट समेत आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई. घटना को लेकर गांव में देर रात पंचायत कराई गई लेकिन उसमें कोई समाधान नहीं निकला.
पुलिस के आने से पहले फरार हुए दोनों गुटों के लोग
घटना को लेकर दोनों पक्षों में से किसी ने भी थाने में लिखित में शिकायत नहीं दी है. पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वाले दोनों पक्षों के लोग अभी फरार हैं. इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि, वर्चस्व बनाये रखने को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था.
पिकनिक स्पॉट पर मारपीट एवं बमबाजी की सूचना मिली थी लेकिन किसी ने थाने में शिकायत नहीं दी है. किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिलने के बाद थाना प्रभारी को पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच करने एवं दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है: दयानंद आजाद, एसडीपीओ
वहीं मामले में एसडीपीओ ने जानकारी देते हुए आगे बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने एवं किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसे लेकर क्षेत्र में सघन गश्ती करने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें- चतरा में TSPC के पूर्व कमांडर समेत दो की मौत, आपसी विवाद में हुई फायरिंग
आपसी विवाद में पति ने ली पत्नी की जान, घर में मिला शव!
रांची में गोली मारकर युवक की हत्या, आपसी विवाद में हुई गोलीबारी

