गोंडा में बिजली कर्मियों और पब्लिक के बीच विवाद; JE ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस
कर्मचारियों के हाथ में पड़ा कर कहा कि हनुमान चालीसा की कसम खाइए कि 24 घंटे में आप कितने घंटे लाइट देते हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 1:36 PM IST
गोंडा: बिजली न मिलने परेशान ग्रामीणों ने बिजली कर्मचारियों से कहा कि हनुमान चालीसा हाथ पर रखकर कसम खाओ कि 24 घंटे में कितनी बिजली देते हो. विवाद बढ़ने पर अवर अभियंता ने तीन नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है.
दरअसल, गोंडा जिले में इन दोनों बिजली कटौती से लगातार स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली कटौती से अब ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है. कुछ ऐसी ही तस्वीर कटरा विधानसभा के विद्युत उपकेंद्र कटरा ग्रामीण से सामने आई है.
अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर ग्रामीण 28 अगस्त को रात 9 बजे पावर हाउस पहुंचे और जब पावर हाउस के कर्मचारियों से लाइट न देने को लेकर पूछताछ की तो पावर हाउस के कर्मचारी ने ठीक से जवाब नहीं दिया.
लोग अपने साथ हनुमान चालीसा लेकर के गए थे. कर्मचारियों के हाथ में पड़ा कर कहा कि हनुमान चालीसा की कसम खाइए कि 24 घंटे में आप कितने घंटे लाइट देते हैं.
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में अघोषित बिजली कटौती को लेकर के उपभोक्ता और पावर हाउस पर तैनात बिजली कर्मचारियों के बीच आपसी कहासुनी और बहसबाजी हो रही है.
खुद उपभोक्ताओं ने इसका वीडियो बनाकर की वायरल किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पावर हाउस पर लाइट है, लेकिन इन लोगों द्वारा लाइट न देकर परेशान किया जा रहा है.
वही, ग्रामीणों के पावर हाउस पर पहुंचकर हंगामा किए जाने को लेकर अब विद्युत उपकेंद्र कटरा ग्रामीण के अवर अभियंता आदर्श कुमार ओझा ने शनिवार देर रात 11 बजे कटरा बाजार थाने में तहरीर देकर पवन कुमार दुबे, राजकुमार और राजन कुमार पर स्टाफ के साथ गाली-गलौज मारपीट धमकी देने और जबरन दबाव बनाकर के पावर हाउस बंद करवाने का गंभीर आरोप लगाया है.
वहीं, पवन कुमार दुबे का कहना है कि यह लोग बार-बार लाइट नहीं दे रहे हैं. परेशान कर रहे हैं. हम लोग पावर हाउस पर गए तो वहां पर लाइट थी लेकिन लोग लाइट काटे हुए थे. लोगों ने किसी के साथ कोई मारपीट और गाली-गलौज नहीं किया है.
थानाध्यक्ष कटरा बाजार मनोज पाठक ने बताया कि बिजली विभाग जेई द्वारा तहरीर दी गई है. इस मामले में तीन लोगों खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

