शादीशुदा महिला से इश्क का खौफनाक अंत, प्रेमिका ने घर बुलाया और पति ने दिव्यांग युवक की ले ली जान
रोहतास में दिलदहलाने वाली घटना हुई. शादीशुदा महिला ने दिव्यांग प्रेमी को मिलने के लिए फोनकर घर बुलाया, जहां उसकी निर्मम हत्या कर दी गई.

Published : February 28, 2026 at 12:20 PM IST
रोहतास: बिहार के रोहतास में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक कुंवारे प्रेमी की पीट-पीटकर निर्मम हत्या का संगीन मामला सामने आया है. वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के अस्पताल ले आई है और मामले की जांच में जुट गई है.
शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी की हत्या: पुलिस के मुताबिक मामले में फिलहाल महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है. मिली जानकारी के मुताबिक सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शादीशुदा प्रेमिका से मिलना युवक को महंगा पड़ गया. मृतक युवक के पिता का आरोप है कि महिला के पति और अन्य परिजनों ने मारपीट कर उनके बेटे की हत्या कर दी.
प्रेमिका के पति पर हत्या का आरोप: बताया जाता है कि प्रेमी पहले से ही एक पैर से दिव्यांग था. इस घटना की सूचना जैसे ही उसके पिता को लगी तो उन्होंने सबसे पहले डायल 112 की पुलिस को सूचना दी. पुलिस के साथ जब पिता, महिला के घर पहुंचे तो देखा कि उनके 28 साल के बेटे की मारपीट कर हत्या कर दी गई है.
महिला ने फोनकर बुलाया था घर: इधर हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है. मृतक के पिता का कहना है कि उसका बेटा हमेशा फोन पर शादीशुदा महिला से बातचीत किया करता था. पहले तो पता चला कि युवक शौच के लिए घर से निकला है, लेकिन बाद में पता चला कि देर रात गांव की ही महिला के बुलाने पर वह उसके घर चला गया था. जहां पकड़े जाने पर महिला के पति और घर के अन्य लोगों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई.
"मेरे बेटे को फोन कर बुलाया गया था. घर से पेशाब करने के बहाने से वह बाहर निकला था. इसी बीच महिला के घर गया. वहीं पर पीट पीटकर अधमरा कर दिया गया. पुलिस मौके पर पहुंची और उसे किसी तरह अस्पताल लेकर गई, जहां उसने दम तोड़ दिया."-
मृतक के पिता
"घटना की जानकारी मिली है. मामले में हर बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है. फिलहाल महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और अग्रतर कार्रवाई की जा रही है."- रौशन कुमार, एसपी, रोहतास
ये भी पढ़ें
प्रेमिका ने पति और पहले प्रेमी की मदद से दूसरे प्रेमी की हत्या की, शव के टुकड़े नदी में फेंके
पहले हाथ-पैर बांधा, फिर कनपटी और गर्दन में गोली मारकर की हत्या

